हिलेरी ने राष्ट्रपति पद के लिए जीती पहली बहस (लीड-1)

न्यूयॉर्क, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया के तहत डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने इससे संबंधित पहली बहस जीत ली है।

सीएनएन/ओआरसी पोल के मुताबिक, न्यूयार्क के होफस्ट्रा विश्वविद्यालय में सोमवार रात हुई बहस में दर्शकों ने हिलेरी को 62 फीसदी, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप को 27 फीसदी मत दिया।

दोनों के बीच सोमवार रात को अर्थव्यवस्था, करों में कटौती, इस्लामिक स्टेट (आईएस), नस्लवाद जैसे मुद्दों पर बहस हुई।

‘एनबीसी’ न्यूज के लेस्टर होल्ट ने होस्फट्रा विश्वविद्यालय में इस 90 मिनट की बहस की मेजबानी की।

हिलेरी ने ट्रंप से यह कहते हुए बहस की शुरुआत की कि ‘आप कैसे हैं डोनाल्ड?’

पहला सवाल अमेरिकी नागरिकों की जेब में पैसा वापस आने और रोजगारों के सृजन का था, जिसके जवाब में हिलेरी ने ‘सभी के लिए अर्थव्यवस्था’ पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह पुरुषों व महिलाओं के लिए समान वेतन के लिए काम करेंगी।

हिलेरी और ट्रंप के बीच बहस काफी तीखी रही। हिलेरी ने ट्रंप पर 2008 में आर्थिक संकट से लाभ भुनाने का आरोप लगाया। वहीं, ट्रंप ने इसे नकारते हुए ‘कारोबार’ कहा।

ट्रंप ने कहा कि चीन और मेक्सिको अमेरिकी नागरिकों की नौकरियां और कारोबार हड़प रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमें हमारे रोजगारों को छिने जाने से रोकना होगा। कंपनियों को अमेरिका छोड़कर जाने से रोकना होगा।”

यह बहस उस वक्त तीखे मोड़ पर पहुंच गई जब हिलेरी ने ट्रंप से पूछा कि वह अपनी आयकर की जानकारियां साझा क्यों नहीं करते?

हिलेरी ने कहा, “हो सकता है कि वह उतने अमीर नहीं हों, जितना वह कहते हैं। हो सकता है कि वह उतना दान-पुण्य नहीं करते हों, जितना वह दावा करते हैं। या फिर यह हो सकता है कि वह अमेरिकी नागरिकों के समक्ष यह प्रकट नहीं करना चाहते हों कि उन्होंने संघीय करों का भुगतान नहीं किया है।”

इस पर ट्रंप ने कहा कि जब हिलेरी अपने निजी ईमेल सर्वर से हटाए गए 33,000 ईमेल की जानकारियां सार्वजनिक कर देंगी तो वह भी अपने आयकर की जानकारियां साझा कर देंगे। ये ईमेल 2009 से 2013 के बीच उनके विदेश मंत्री रहते हुए किए गए थे।

बहस के दौरन हिलेरी ने हालांकि माना कि निजी सर्वर का इस्तेमाल करना ‘गलती’ थी।

नस्लीय मुद्दों और अपराधों पर चर्चा के दौरान हिलेरी ने कहा कि पुलिस का स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काम करना जरूरी है, ताकि उनमें विश्वास बहाली हो सके।

वहीं, ट्रंप ने हिलेरी पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) को खड़ा करने का आरोप लगाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493