हुदयदाह हवाईअड्डे पर यमनी बलों का कब्जा

सना, 16 जून (आईएएनएस)। सऊदी अरब नीत गठबंधन के समर्थन वाले यमनी बलों ने शनिवार को कहा कि उन्होंने हुदयदाह शहर के हवाईअड्डे को हौती विद्रोहियों से मुक्त करा लिया है।

बीबीसी ने सेना के हवाले से कहा, “सेना की इकाई ने विद्रोहियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक यंत्रों को हटाना शुरू कर दिया है।”

हौती के प्रवक्ता मोहम्मद अब्देल सलाम ने ट्वीट किया कि उनके लड़ाकों को वहां से हटाना एक सामरिक रणनीति है और इसके परिणामस्वरूप किराए के सैनिकों ने हवाईअड्डे में प्रवेश किया है।

उन्होंने कहा कि उनके लड़ाकों ने यमन के राष्ट्रपति अब्दरब्बू मंसूर हादी के अंतर्राष्ट्रीय समर्थन वाले 36 सैनिकों को अपने कब्जे में ले लिया है।

सैन्य और मेडिकल सूत्रों ने समाचार एजेंसी एफे को बताया कि यमनी बलों और हौती के बीच संघर्ष में बीते दो दिनों के दौरान 300 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, वहीं 550 से ज्यादा घायल हुए हैं।

क्षेत्र के निवासियों ने कहा है कि वे लोग शनिवार सुबह से ही शहर के दक्षिण में स्थित हवाई क्षेत्र से धमाकों और गोलीबारी की आवाज सुन रहे हैं और सरकारी सेना हवाईअड्डे को कब्जे में लेने के बाद शहर के दक्षिणी भाग पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए आगे बढ़ रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493