हुर्रियत नेताओं से मिलने पर अड़ा पाकिस्तान (लीड-1)

इस्लामाबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने शुक्रवार को साफ कर दिया कि वह भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के साथ बैठक से पहले हुर्रियत नेताओं से मुलाकात के मामले में किसी भी तरह के समझौते के मूड में नहीं है।

पाकिस्तान ने कहा है कि उसके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज दिल्ली में हुर्रियत नेताओं से मिलेंगे। पाकिस्तान ने इन नेताओं को कश्मीरी जनता का ‘सच्चा प्रतिनिधि’ बताया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि कश्मीरी नेताओं से मुलाकात न करने के भारत के अनुरोध को स्वीकर नहीं किया जा सकता।

पाकिस्तान के विदेश सचिव ने भारतीय उच्चायुक्त से कहा कि अजीज को दी जाने वाली भारत की ‘सलाह’ इस्लामाबाद को मंजूर नहीं है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा है, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के मुताबिक कश्मीर एक विवादित क्षेत्र है। इन प्रस्तावों पर आज तक अमल नहीं किया गया है। पाकिस्तानी नेता भारत यात्रा के दौरान हमेशा ही कश्मीरी/हुर्रियत नेताओं से मिलते रहे हैं।”

बयान में कहा गया है, “पाकिस्तान पहले से चली आ रही इस परंपरा से हटने की कोई वजह नहीं पाता। हुर्रियत नेता कश्मीरी अवाम के सच्चे नुमाइंदे हैं। पाकिस्तान का मानना है कि कश्मीर मसले के स्थायी समाधान के प्रयासों में हुर्रियत एक बेहद महत्वपूर्ण पक्ष है।”

पाकिस्तान ने कहा है कि वह दोनों देशों के एनएसए की बैठक में ‘बिना किसी पूर्व शर्त’ के शामिल होना चाहता है।

इससे पहले भारत ने कहा था कि उसने पाकिस्तान से कहा है कि यह अजीज के लिए ‘उचित नहीं होगा’ कि वह हुर्रियत नेताओं से मिलें।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि पाकिस्तान को यह चेतावनी गुरुवार को दी गई थी।

पाकिस्तान के एनएसए सरताज अजीज और भारत के एनएसए अजीत डोभाल के बीच दिल्ली में 23-24 अगस्त को वार्ता होनी है।

पाकिस्तान के राजनैतिक और सैन्य नेताओं की शुक्रवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने की। इसमें पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ ने भी शिरकत की।

मीडिया रपटों के अनुसार, हालांकि बैठक में यह बात भी दोहराई गई कि पाकिस्तान सभी द्विपक्षीय मसलों को बातचीत से सुलझाने के पक्ष में है।

मीडिया रपटों के मुताबिक, अजीज ने पाकिस्तानी खुफिया संस्था आईएसआई के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जिया-उर-रहमान से अलग से मुलाकात की है।

पाकिस्तानी उच्चायोग ने एनएसए वार्ता से पहले हुर्रियत और कश्मीर के अन्य अलगाववादी नेताओं को अजीज से मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाया है।

भारत की तरफ से ऐसे संकेत भी मिले हैं कि अगर अजीज, हुर्रियत नेताओं से मिले तो एनएसए वार्ता रद्द भी की जा सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493