म्यूनिख, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। जर्मनी की शीर्ष फुटबाल क्लब बायर्न म्यूनिख के लिए खेलने वाले जर्मनी के ही डिफेंडर जेरोम बोएटांग बुंदेसलीगा में हेर्था बर्लिन के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले में मैच शुरू करने उतरेंगे।
बायर्न के मुख्य कोच कार्लो एंसीलोट्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बोएटांग पिछले वर्ष जर्मनी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, दो महीने मैदान से बाहर रहने के बाद बोएटांग ने शनिवार को इंगोलस्टाट के खिलाफ मैच में सात मिनट खेलकर मैदान पर वापसी की। बायर्न यह मैच 3-1 से जीतने में सफल रहा था।
एंसीलोट्टी ने कहा, “वह अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। वह पिछले कई दिनों से अच्छा अभ्यास कर रहे हैं।”
बोएटांग के अलावा कप्तान फिलिप लाम, डेविड अलाबा और स्टार स्ट्राइकर थॉमस म्यूलर ने भी वापसी कर ली है। सर्दी-जुकाम के कारण बाहर रहे मैट्स हमेल्स भी वापस करने में सफल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath