हैमिल्टन एकदिवसीय : श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया

हैमिल्टन, 15 जनवरी (आईएएनएस)। तिलकरत्ने दिलशान (116) की बेहतरीन पारी की बदौलत श्रीलंका ने गुरुवार को शेल्डन पार्क में खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को छह विकेट से हरा दिया।

श्रीलंका के सामने 249 रनों का लक्ष्य था, लेकिन टीम ने 47.4 ओवरों में ही चार विकेट खोकर 252 रन बनाते हुए सात मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली। पहला एकदिवसीय न्यूजीलैंड ने तीन विकेट से जीता था।

दिलशान ने 127 गेंदों की पारी में 17 चौके लगाए। कुमार संगकारा ने 38 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान एंजेलो मैथ्यूज 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि नेथन मैक्लम और एडम मिल्ने को एक-एक सफलता मिली।

इससे पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (117) की शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 248 रन बनाकर आउट हो गई।

एक समय 158 रनों पर तीन विकेट खोकर मजबूत स्थिति में नजर आ रही कीवी टीम के आखिरी सात बल्लेबाज केवल 90 जोड़ सके। कीवी पारी को दबाव में लाने में श्रीलंकाई क्षेत्ररक्षकों ने बड़ी भूमिका निभाते हुए चार बल्लेबाजों को रन आउट किया।

श्रीलंका की ओर से रंगना हेराथ और सचित्र सेनानाएका को दो-दो सफलताएं मिली।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493