नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी मनप्रीत सिंह और महिला टीम की दिग्गज गोलकीपर सविता के लिए अर्जुन पुरस्कार की अनुशंसा की है।
बुधवार को की गई इस घोषणा में एचआई ने द्रोणाचार्य और मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के लिए भी कई दिग्गजों की सिफारिश की है।
एचआई ने सविता और मनप्रीत के अलावा, भारतीय पुरुष टीम के अनुभवी मिडफील्डर धरमवीर सिंह का नाम भी अर्जुन पुरस्कार के लिए दिया है।
भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कप्तान भरत छेत्री और महिला टीम की खिलाड़ी संगाई इबेमहाल चानू का नाम हॉकी इंडिया ने ध्यानचंद पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट) के लिए दिया है। द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए एचआई ने कोच बीएस चौहान का नाम दिया है।
इन सुझावों के बारे में एचआई के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “हम इन हॉकी खिलाड़ियों का नाम देकर बहुत खुश है, जिन्होंने भारतीय हॉकी जगत में अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन देकर अपनी क्षमता को दर्शाया है। ये प्रदर्शन भारतीय टीम को नई ऊचाइयों तक लेकर गए हैं। हम सभी को उनकी इन उपलब्धियों पर गर्व है और राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए उनके नाम देकर खुश हैं।”
dharmpath.com dharmpath