हॉकी के लिए धड़कता है शाहरुख का दिल

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने जाहिर किया है कि उनका दिल हॉकी के लिए धड़कता है। हॉकी के प्रति अपने प्यार को शाहरुख ने सोशल मीडिया पर भी जाहिर किया है।

इसके साथ ही शाहरुख ने अपने प्रशंसकों से भारतीय हॉकी टीम और हॉकी के खेल के प्रति समर्थन का आग्रह किया है।

ओडिशा विश्व कप टूर्नामेंट की शुरुआत में अब कुछ ही सप्ताहों का समय रह गया है और ऐसे में टीम इस बड़े टूर्नामेंट के लिए जोरों-शोरों से तैयारी कर रही है।

इस तैयारी में शाहरुख का भी समर्थन टीम के साथ है। शाहरुख स्कूल के समय से ही हॉकी के खेल से जुड़े रहे हैं। देश के लिए खेलने के अपने सपने को याद करते हुए शाहरुख ने कहा कि हाल ही में इच्छा जताई है कि उनका बेटा अब्राम बड़ा होकर हॉकी खिलाड़ी बने और देश का प्रतिनिधित्व करे।

उल्लेखनीय है कि शाहरुख को हॉकी पर आधारित फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में कोच की भूमिका में देखा गया था। अभिनेता ने अपने एक बयान में कहा, “हॉकी मेरे दिल के करीब एक गीत की तरह है। युवावस्था में इस खेल के प्रति मैं काफी जुनूनी था। इस साल भारत नवम्बर में हॉकी विश्व कप का आयोजन कर रहा है और मैं हॉकी का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। मेरा दिल हॉकी के लिए और भारतीय टीम के लिए धड़कता है।”

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, “शाहरुख इस पीढ़ी के लिए आदर्श की तरह हैं। खेल के प्रति उनका जुनून साफ नजर आता है और ऐसे में हॉकी के प्रति उनका समर्थन न केवल टीम को प्रेरित करेगा, बल्कि देश को भी इस अभियान के साथ शामिल होने के लिए बढ़ावा देगा। मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493