हॉकी : पहले टेस्ट में स्पेन ने भारत को 4-1 से पराजित किया (लीड-1)

सैंट कुगाट डेल वालेस (स्पेन), 11 अगस्त (आईएएनएस)। स्पेन ने सोमवार को यहां खेले गए तीन टेस्ट मैचों की हॉकी सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 4-1 से हरा दिया।

भारत के लिए एकमात्र गोल एसवी सुनील ने किया।

मैच का पहला गोल नौवें मिनट में स्पेन ने किया। भारत ने एसवी सुनील के माध्यम से अगले ही मिनट में गोल करते हुए स्कोर 1-1 बराबर कर दिया।

सुनील ने यह गोल वीआर रघुनाथ के लम्बे पास पर किया। रघुनाथ ने सुनील को बिल्कुल सर्किल में पास दिया, जिसे उन्होंने गोल में बदलकर भारत को सफलता दिलाई लेकिन इसके बाद स्पेन की टीम हावी रही।

पहले क्वार्टर की समाप्ति तक स्कोर 1-1 ही रहा। दूसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी लेकिन तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल करते हुए स्पेन ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। स्पेन के लिए यह गोल पाउ क्वेमादा ने पेनाल्टी कार्नर पर किया।

तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक यही स्कोर रहा। चौथे क्वार्टर में स्पेन ने भारत को कई गुना बेहतर खेल दिखाया और दो गोल दागकर स्कोर अपने पक्ष में 4-1 कर लिया। स्पेन के लिए तीसरा गोल जोर्डी कारेरा ने किया और फिर चौथा गोल रॉक ओलीवा ने किया।

स्पेन के साथ हुए पिछले दो मैचों के नतीजे भी भारत के लिए अच्छे नहीं रहे थे। पिछले वर्ष हुए विश्व कप में स्पेन ने भारत को 1-1 से बराबरी पर रोक लिया था, वहीं हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल-2013 में स्पेन ने भारत को 4-2 से मात दे दी थी।

अब दोनों टीमें बुधवार को दूसरे टेस्ट में आमने-सामने होंगी। यह मैच भी सैंट कुगाट डेल वालेस में ही खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच दोपहर 14.30 बजे होगा।

इससे पहले, भारतीय टीम ने फ्रांस को उसी के घर में 2-0 से हराया था लेकिन स्पेन के खिलाफ भारत अपनी जीत के लय को बरकरार नहीं रख सका।

नवनियुक्त मुख्य कोच रोएलांट ऑल्टमैंस के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने फ्रांस को पहले मैच में 2-0 से जबकि दूसरे मैच में 4-1 से मात दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493