नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की जूनियर महिला और पुरुष टीमों ने यूथ ओलम्पिक क्वालीफायर टूर्नामेंट में अपने-अपने अभियानों का सफल आगाज किया है।
थाईलैंड के बैंकॉक में जारी इस टूर्नामेंट में बुधवार को महिला टीम ने सिंगापुर को 14-0 से और पुरुष टीम ने थाईलैंड को 25-0 से मात दी।
अपने पहले पूल-बी मैच में जूनियर महिला टीम ने संगीता कुमार की ओर से दूसरे ही मिनट में किए गए गोल के दम पर अपना खाता खोला। इस मैच में संगीता ने छह गोल दागे।
इसके अलावा, इस मैच में महिला टीम के लिए मुमताज, उप-कप्तान लालरेमसियामी, इशिका चौधरी, दीपिका ने गोल किया। संगीता के अलावा, लालरेमसियामी ने सबसे अधिक तीन गोल किए।
पुरुष टीम ने थाईलैंड को भी उसके घरेलू मैदान पर गोल करने का एक भी मौका नहीं दिया। इस मैच में भारत के लिए मोहम्मद अलिशान ने छह, राहुल कुमार राजभार ने पांच, रबिचंद्रा मोइरंगथेम ने चार, विवेक सागर ने चार गोल किए। इसके अलावा, टीम के कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी गोल किए।
पुरुष हॉकी टीम का अगला मुकाबला जापान से गुरुवार को होगा, वहीं महिला टीम का मुकाबला कोरिया से होगा।
dharmpath.com dharmpath