हॉकी विश्वकप : भारत और बेल्जियम क्वार्टर फाइनल में (राउंडअप)

भुवनेश्वर, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत और बेल्जियम ने पूल-सी में अपने-अपने मैच जीतकर ओडिशा हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

यहां शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में खेले पूल-सी के अपने अंतिम मैच में भारत ने जहां कनाडा को 5-1 से मात दी तो वहीं, बेल्जियम ने भी दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराया।

अपने पूल में भारत के तीन मैचों से अब सात अंक हो गए हैं और उसने शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। बेल्जियम के भी तीन मैचों से सात अंक हैं। लेकिन गोल अंतर से भारत ने पहले स्थान पर रहते हुए जबकि बेल्जियम ने दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया।

भारत ने तीन मैचों में 12 गोल किए हैं जबकि तीन गोल खाए हैं। बेल्जियम ने नौ गोल किए हैं और चार गोल खाए हैं।

इसी पूल में कनाडा और दक्षिण अफ्रीका की टीमें तीन-तीन मैचों में एक-एक अंक लेकर क्रमश : तीसरे और चौथे नंबर पर रहीं और इस तरह ये दोनों टीमें अब टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।

बहरहाल, भारतीय टीम को मैच के 10वें मिनट में यह पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन हरमनप्रीत सिंह की कोशिश को कनाडा के डिफेंस में खड़े खिलाड़ी ने खारिज कर दिया। हालांकि, दूसरी कोशिश में हरमनप्रीत सफल रहे।

12वें मिनट में ही भारतीय टीम को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इसे भुनाने में कोई गलती न करते हुए हरमनप्रीत ने गोल दागकर मेजबान टीम का खाता खोल दिया।

अगले ही मिनट में भारत को एक और पीसी मिला लेकिन कनाडा ने इसे असफल कर दिया। कनाडा किसी भी तरह से दूसरा गोल नहीं खाना चाहती थी। ऐसे में उसने दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को गोल नहीं करने दिया।

तीसरे क्वार्टर की अच्छी शुरुआत करते हुए कनाडा के फ्लोरिस वान सन ने 39वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। आखिरी मिनट में मंदीप ने ललित उपाध्याय को पास दिया लेकिन ललित उसे गोल पोस्ट तक नहीं पहुंचा सके।

अपनी इस गलती को चौथे क्वार्टर में सुधारते हुए भारत ने 46वें मिनट में गोल कर दिया। टीम के लिए यह गोल चिंग्लेसाना सिंह ने किया, जिसके दम पर भारतीय टीम ने 2-1 से बढ़त हासिल की।

इसके बाद ललित ने तीसरे क्वार्टर की अपनी गलती को सुधारते हुए 47वें मिनट में भारत के लिए गोल किया और उसे 3-1 से आगे कर दिया।

भारत को इस बार चौथा पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इसे बेहतरीन तरीके से भुनाते हुए अमित रोहिदास ने 51वें मिनट में गोल कर टीम को 4-1 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद भारत ने 57वें मिनट में ललित की ओर से दागे गए एक और गोल के दम पर कनाडा के खिलाफ 5-1 से बढ़त हासिल की और आखिरी मिनट में भारत को पांचवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत इस पर गोल नहीं कर पाया और मुकाबला 5-1 से उसके पक्ष में रहा।

भारतीय टीम अब 13 दिसम्बर को अपना क्वार्टर फाइनल मैच खेलेगी।

पूल-सी के ही एक दूसरे मैच में बेल्जियम ने दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

बेल्जियम के लिए एलेक्जेंडर हेंड्रिक ने 14वें और 22वें, साइमन गौगनार्ड ने 18वें, लोइक लुइपीट ने 30वें और केड्रिक चार्लियर ने 48वें मिनट में गोल दागे।

दक्षिण अफ्रीका के लिए निकोलस स्पूनर ने पहले मिनट में एकमात्र गोल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493