हॉकी : सुल्तान अजलान शाह में भारत ने जापान को दी शिकस्त

इपोह (मलेशिया), 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को यहां खेले गए 28वें सुल्तान अजलान शाह कप के अपने पहले मैच में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता जापान को 2-0 से हरा दिया।

भारतीय टीम के लिए डिफेंडर वरुण कुमार ने 24वें और सिमरनजीत सिंह ने 55वें मिनट में गोल किए।

भारतीय टीम ने मुकाबले के शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और जापान पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, पहले 15 मिनट में दोनों ही टीमें गोल करने में कामयाब नहीं हुई और पहला क्वार्टर गोलरहित रहा।

दूसरे क्वार्टर में जापान ने भी आक्रामक शुरुआत की। लेकिन तकनीकी रूप से काफी मजबूत दिखाई दे रही भारतीय टीम ने जापान की आक्रामकता को अपने ऊपर हावी होने नहीं दिया।

मैच के 24वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और वरुण ने बेहतरीन गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे रहा।

तीसरे क्वार्टर में 33वें मिनट में जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा पाई क्योंकि भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने जापान के इस मौके को गोल में तब्दील नहीं होने दिया।

इसी क्वार्टर में भारत ने दूसरा गोल करने का मौका गंवा दिया। सुमित कुमार ने मंदीप सिंह को सर्कल के अंदर से बेहतरीन पास दिया, लेकिन मंदीप का यह शॉट गोल पोस्ट से दूर चला गया।

चौथे और अंतिम क्वार्टर में जापान को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन वरुण ने शानदार बचाव करके जापान को बराबरी करने से रोक दिया। मैच के 55वें मिनट में सिमरनजीत ने काउंटर अटैक करते हुए गोल कर भारत की बढ़त 2-0 तक पहुंचा दिया।

मैच समाप्त होने में दो मिनट का समय बचा था और इस दौरान जापान ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। श्रीजेश की जगह गोलकीपिंग की भूमिका निभा रहे कृष्ण पाठक ने जापान की इस पेनल्टी कॉर्नर को जाया कर भारत को 2-0 की जीत दिला दी।

भारतीय टीम टूर्नामेंट अपना अगला मुकाबला 24 मार्च को दक्षिण कोरिया से खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493