होंडा ने सिटी, अमेज और डब्ल्यूआर-वी के विशेष संस्करण उतारे

नई दिल्ली, 11 जनवरी (आईएएनएस)। प्रमुख वाहन कंपनी होंडा कार्स इंडिया (एचसीआईएल) ने गुरुवार को अपने तीन मॉडल्स होंडा सिटी, होंडा अमेज और होंडा डब्ल्यूआर-वी के विशेष संस्करणों को पेश करने की घोषणा की। इन विशेष संस्करणों में होंडा सिटी 20जी एनीवर्सरी एडिशन, होंडा अमेज प्राइड एडिशन और होंडा डब्ल्यूआर-वी एज एडिशन शामिल हैं।

होंडा सिटी का 20जी एनीवर्सरी एडिशन भारतीय बाजार में इस मॉडल के 20 साल पूरे होने पर पेश किया गया है। होंडा डब्ल्यूआर-वी एज एडिशन के ‘एस’ वैरिएंट में ग्राहकों के लिए अलॉय व्हील्स और सुरक्षा पैकेज उपलब्ध है।

होंडा कार्स इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (विपणन और बिक्री) जनेश्वर सेन ने कहा, “हम सिटी, अमेज और डब्ल्यूआर-वी के विशेष एडिशन की पेशकश कर बहुत प्रसन्न हैं और हमें विश्वास है कि इनकी विस्तारित विशेषताओं के कारण ग्राहक इन्हें पसंद करेंगे।”

उन्होंने कहा, “होंडा सिटी ने भारत में 20 सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं और यह वर्ष 2017 में सबसे अधिक बिकने वाली मध्यम आकार की सेडान के रूप में उभरी है।”

’20जी एनिवर्सरी एडिशन’ होंडा सिटी के शीर्ष जेडएक्स वैरिएंट पर आधारित है और दिल्ली के एक्स-शोरूम में पेट्रोल सीवीटी का मूल्य 13,74,532 रुपये और डीजल एमटी का मूल्य 13,82,382 रुपये होगा।

होंडा अमेज ‘प्राइड एडिशन’ में आधुनिक इंफोटेनमेन्ट सिस्टम, विस्तारित एक्सटीरियर और सुरक्षा विशेषताएं हैं। यह संस्करण अमेज एस (ओ) एमटी श्रेणी पर आधारित है और दिल्ली के एक्स-शोरूम में पेट्रोल वर्जन की कीमत 6,29,900 रुपये और डीजल वर्जन की 7,83,486 रुपये है।

होंडा डब्ल्यूआर-वी ‘एज एडिशन’ एस ग्रेड पर आधारित है और इसमें स्टाइलिश एक्सटीरियर और अतिरिक्त सुरक्षा खूबियां दी गई हैं। डब्ल्यूआर-वी एज एडिशन का पेट्रोल एमटी वर्जन 8,01,017 रुपये और डीजल एमटी वर्जन 9,04,683 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) में उपलब्ध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493