होबार्ट टेस्ट : आस्ट्रेलिया की पारी और 80 रनों से हार

होबार्ट, 15 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका ने बेलेरिव मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान आस्ट्रेलिया को मंगलवार को चौथे दिन ही पारी और 80 रनों से हरा दिया।

इसके हाथ ही दक्षिण अफ्रीका ने तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

मेहमानों ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाते हुए आस्ट्रेलिया पर 241 रनों की बढ़त ले ली थी। आस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में महज 161 रन ही बना सकी और मैच हार गई।

दक्षिण अफ्रीका की इस जीत के हीरो तेज गेंदबाज काइल अबॉट रहे। उन्होंने दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया के छह विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में भी अबॉट ने तीन विकेट लिए थे। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को शुरू से ही परेशान किया। दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया को पहली पारी में सौ का आंकड़ा भी पार नहीं करने दिया था और 85 रनों पर ही ढेर कर दिया।

जवाब में मेहमानों ने क्विंटन डी कॉक (104) और टेम्बा वाबुमा (74) की शानदार पारियों की मदद से 326 रन बनाए थे।

दूसरी पारी खेलने उतरी आस्ट्रेलिया ने चौथे दिन अपने तीसरे दिन के स्कोर 121 रनों पर दो विकेट से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन मेहमानों की घातक गेंदबाजी के कारण मेजबान टीम चौथे दिन सिर्फ अपने खाते में 40 रन ही जोड़ पाई और पवेलियन लौट गई।

तीसरे दिन के नाबाद बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (64) के रूप में आस्ट्रेलिया ने अपना पहला विकेट गंवाया। यहां से अबॉट ने मेजबानों के लगातार विकेट लेना शुरू कर दिया। मेजबान टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।

पहली पारी की तरह ही कप्तान स्टीवन स्मिथ (31) एक छोर पर खड़े हुए थे। लेकिन चार विकेट लेने वाले कागिसो रबादा ने उनकी पारी का अंत किया। स्मिथ के जाने से पहले ही आस्ट्रेलिया ने 150 रनों पर सात विकेट गंवा दिए थे।

नाथन लियॉन (4) को आउट कर अबॉट ने आस्टेलिया की पारी का अंत किया और टीम को जीत दिलाई।

यह आस्ट्रेलिया की लगातार पांचवीं हार है। इससे पहले श्रीलंका में वह टेस्ट श्रृंखला 3-0 से हार गई थी, जबिक अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भी उसे हार मिली थी।

इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में आस्ट्रेलिया के 16 बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच पाए। इससे पहले 1912 में हुए टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया के इतने ही बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू पाए थे।

इस टेस्ट में कुल 193.5 ओवर ही फेंके जा सके। इससे पहले 150 में हुई एशेज श्रृंखला के ब्रिस्बेन टेस्ट में कुल 129.2 ओवर ही फेंके गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493