वाशिंगटन, 11 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि ईरान परमाणु समझौता लागू होने के बाद लोग इसकी सराहना करेंगे।
ओबामा ने यह बात एक साक्षात्कार में कही।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ओबामा ने सोमवार को नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “जब यह समझौता लागू होगा और हम देखेंगे कि फोर्दो, नतांज जैसे परमाणु केंद्रों से सेंट्रीफ्यूज निकाले जा रहे हैं, और हम उन परमाणु केंद्रों का निरीक्षक करेंगे, तो यह साफ हो जाएगा कि ईरान इस समझौते का अनुसरण कर रहा है, और उसके बाद लोगों की धारणाएं बदलेंगी।”
ओबामा ने कहा, “लोग मान जाएंगे कि इस समझौते के विरोध में जो बातें की गई हैं, वे सच नहीं हैं।”
ओबामा को ईरान परमाणु समझौते को लेकर कांग्रेस में गहरे अविश्वास का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस में अगले महीने इस समझौते पर मतदान होगा।
नेशनल पब्लिक रेडियो के अनुसार, कई रिपब्लिकन सदस्यों के साथ ही सीनेटर चक शूमर और प्रतिनिधिसभा के प्रतिनिधि एलियट एंजेल सहित कुछ प्रमुख डेमोक्रेट सदस्यों ने कहा है कि वे परमाणु समझौते के खिलाफ मतदान करेंगे।
इस साक्षात्कार में ओबामा ने कांग्रेस में अपने आलोचकों पर तीव्र हमले किए हैं। उन्होंने रिपब्लिकन सांसदों पर आरोप लगाया है कि वे राजनीतिक कारणों से समझौते का विरोध कर रहे हैं।
ओबामा ने कहा, “दुर्भाग्यवश, मैं जो भी करता हूं, रिपब्लिकर पार्टी का एक बड़ा हिस्सा उसका विरोध करता है।”
ओबामा ने पिछले सप्ताह अमेरिकन युनिवर्सिटी में एक व्याख्यान में चेताया था कि कांग्रेस ने यदि समझौते को रोका तो मध्यपूर्व में युद्ध शुरू हो जाएगा।
dharmpath.com dharmpath