मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता भूषण कुमार ने अपनी आगामी फिल्म ‘ब्लैकमेल’ के बजट में वृद्धि की है क्योंकि इरफान खान अभिनीत इस फिल्म को निर्माता बड़े पैमाने पर रिलीज करना चाहते हैं।
इरफान को हुए दुर्लभ रोग की घोषणा के बाद, फिल्म-निर्माता भूषण कुमार और अभिनय देव ने उनके साथ एक बैठक की थी, जहां अभिनेता ने स्पष्ट कहा था कि हर संभव तरीके से फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज किया जाए और ‘ब्लैकमेल’ के निर्माता इस बात पर अटल थे कि फिल्म को इरफान की इच्छा अनुसार ही रिलीज किया जाएगा।
फिल्म की अच्छी रिलीज देने के लिए भूषण कुमार ने न केवल अपनी मार्केटिंग टीम को सामान्य परिस्थितियों से ज्यादा मेहनत करने के लिए आग्रह किया है बल्कि फिल्म के बजट को भी बढ़ा दिया है।
भूषण कुमार ने कहा, “ब्लैकमेल’ में शामिल सभी लोगों के लिए यह फिल्म बहुत खास है। इरफान ने इस फिल्म को बेहतरीन तरीके से रिलीज करने की इच्छा जाहिर की थी और हम उनकी इस इच्छा को पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मेरी मार्केटिंग टीम फिल्म को अच्छी रिलीज देने के लिए अपने प्रयासों में जुटी है, जिससे फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। हमने रिलीज सप्ताह के बजट को भी बढ़ा दिया है।”
इरफान के बारे में भूषण कुमार ने कहा, “इरफान एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं। ‘ब्लैकमेल’ के लिए इरफान अपने कमिटमेंट को एक अलग स्तर पर ले गए हैं। चूंकि इरफान फिल्म को प्रोमोट नहीं कर सकते, इसलिए हम फिल्म को सबसे अच्छे तरीके से रिलीज करना चाहते हैं।”
यह फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath