0.5 फीसदी कृषि कल्याण उपकर बुधवार से लागू

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा सेवाओं पर लगाया गया 0.5 फीसदी उपकर बुधवार से लागू हो गया। इससे सरकार को वर्तमान वित्त वर्ष की शेष अवधि में कुल 5,000 करोड़ रुपये आय होने का अनुमान है।

वर्तमान वित्त वर्ष में सेवा कर से 2,16,000 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है। इसके अतिरिक्त सरकार को 0.5 फीसदी स्वच्छ भारत उपकर से 10 हजार करोड़ रुपये और कृषि कल्याण उपकर से 5,000 करोड़ रुपये आय होने का अनुमान है।

जेटली ने अपने बजट भाषण में कहा, “मैं सभी कर योग्य सेवाओं पर 0.5 फीसदी कृषि कल्याण उपकर लगाने का प्रस्ताव रखता हूं। इससे होने वाली आय का उपयोग सिर्फ कृषि सुधार और किसानों के कल्याण से संबंधित योजनाओं के लिए किया जाएगा।”

उन्होंने कहा था, “उपकर एक जून 2016 से लागू होगा।”

कृषि कल्याण उपकर और स्वच्छ भारत उपकर को जोड़कर सेवा कर की कुल प्रभावी दर 15 फीसदी हो जाएगी।

सेवा कर के साथ पहले शिक्षा उपकर और माध्यमिक और उच्च शिक्षा उपकर लागू थे, जिसे समग्र सेवा कर के साथ जोड़कर सेवा कर की दर 14 फीसदी कर दी गई है।

जेटली ने 2015-16 के बजट में सेवा कर की दर को 12.36 फीसदी से बढ़ाकर 14 फीसदी किया था। स्वच्छ भारत उपकर 15 नवंबर, 2015 से प्रभावी हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493