10 हजार रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने कुक

चेस्टर-ली-स्ट्रीट, 30 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान एलेस्टर कुक 10 हजार रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को यह उपलब्धि हासिल की। कुक ने क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज भारत के सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया।

इसके साथ ही कुक इंग्लैंड की ओर से 10 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के नुवान प्रदीप की गेंद को लेग साइड में खेलकर अपने 10 हजार रन पूरे किए।

31 साल 157 दिन के कुक के इस टेस्ट मैच से पहले 9,980 रन थे। वह पहली पारी में 15 रन पर आउट होकर पांच रन से इस मुकाम से चूक गए थे। कुक ने दूसरी पारी में कोई गलती नहीं की और यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली।

इससे पहले यह रिकार्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। उन्होंने 31 साल 326 दिन में अपने 10 हजार रन पूरे किए थे। सचिन ने 16 मार्च 2005 में कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ यह रिकार्ड बनाया था।

सचिन ने 195 पारियों में इतने रन बनाए थे और कुक ने इन रनों के लिए 226 पारियां खेलीं हैं।

क्रिकेट इतिहास में 10 हजार रन बनाने वाले कुक 12वें बल्लेबाज और दूसरे सलामी बल्लेबाज हैं। कुक ने अभी तक कुल 128 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 28 शतक दर्ज हैं। इंग्लैंड की तरफ से सर्वाधिक शतक बनाने का रिकार्ड कुक के ही नाम है।

वह इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ग्राहम गूच (5,917 रन) के बाद घर में पांच हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने के भी काफी करीब हैं। वह क्रिकेट के सभी प्रारूप में इयान बेल के 13,331 रनों के रिकार्ड को तोड़कर इंग्लैंड का सर्वाधिक रन बनाने वाला दूसरे नंबर का बल्लेबाज बनने के करीब हैं।

कुक पिछले साल मई में वेस्टइंडीज के खिलाफ हेडिंग्ले में हुए टेस्ट मैच में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने गूच के 8,900 टेस्ट रनों का आंकड़ा पार कर यह रिकार्ड अपने नाम किया था।

वह 10 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जो अभी भी खेल रहे हैं। उनके अलावा इस सूची में सचिन, ब्रायन लारा, रिकी पोंटिंग, कुमार संगकारा, महेला जयावर्धेने, सुनील गावस्कर, जैक कैलिस, एलन बार्डर, शिवनारायण चन्द्रपाल और स्टाव वॉ शामिल हैं।

विश्व क्रिकेट इतिहास में सबसे पहले 10 हजार रन बनाने का रिकार्ड भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गावस्कर के नाम है। उन्होंने सात मार्च 1987 को अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ यह कीर्तिमान बनाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493