कोलकाता, 18 नवंबर (आईएएनएस)। कनोरिया फाउंडेशन की सूचीबद्ध इकाई-इंडिया पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (इंडिया पावर) ने घोषणा की है कि उसने मीनाक्षी एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के 1,000 मेगावाट के तापीय ऊर्जा संयंत्र का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है।
मीनाक्षी का मालिकाना हक फ्रांसीसी ऊर्जा क्षेत्र की दिग्गज-एंजी के पास था। कंपनी के पास नेल्लोर, आंध्र प्रदेश में कोयले से चलने वाला तापीय ऊर्जा संयंत्र है। मीनाक्षी संयंत्र से इंडिया पावर की तापीय ऊर्जा उत्पादन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। 1,000 मेगावाट में से 300 मेगावाट का परिचालन जारी है और 700 मेगावाट शुरू किए जाने के अंतिम चरण में है जिसे अगले वर्ष की तीसरी तिमाही तक शुरू कर दिया जाएगा।
इंडिया पावर हल्दिया, पश्चिम बंगाल में 450 मेगावाट के बिजली संयंत्र की शुरूआत करने जा रही है। हल्दिया संयंत्र की पहली इकाई दिसंबर, 2016 के आखिर तक शुरू हो जाएगी। दूसरी इकाई मार्च, 2017 तक और अंतिम इकाई अगले वर्ष तक शुरू कर दी जाएगी। इस परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये निवेश होगा जो पिछले कुछ वशरें के दौरान राज्य में किया गया सबसे बड़ा निवेश है।
इन बदलावों के बारे में इंडिया पावर के प्रमुख हेमंत कनोरिया ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों के दौरान ऊर्जा क्षेत्र की वृद्धि में आई गिरावट के बावजूद इंडिया पावर अपने कारोबार को मुनाफे के साथ आगे बढ़ाने में सक्षम है। कर्ज के कम स्तर और अधिक इंटरप्राइज मूल्य के साथ कंपनी बिजली क्षेत्र की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने शेयरधारकों के मूल्य में बढ़ोतरी करने में सक्षम है।”
dharmpath.com dharmpath