21वीं सदी भारत की सदी : मोदी (लीड-2)

सैन होजे, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहा उत्साहित भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए देश की छवि में बदलाव के लिए 1.2 अरब भारतीयों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब लोग कह रहे हैं कि 21वीं सदी भारत की सदी है।

मोदी ने स्थानीय समयानुसार रविवार रात यहां सैप सेंटर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, “हर शख्स इस बात से सहमत है कि 21वीं सदी एशिया की सदी है। लोग कहते हैं कि यह सदी भारत की है। यह बदलाव मोदी की वजह से नहीं आया है, बल्कि इसका श्रेय देश के 1.2 अरब लोगों को जाता है।”

मोदी ने भारत की छवि और इसके प्रति धारणा में बदलाव के लिए भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन लोगों ने कंप्यूटर पर अपनी उंगलियों के जादू से सबको चकित कर दिया है।

मोदी ने कहा, “आज भारत की एक नई छवि उभरकर सामने आई है और विश्व में भारत के बारे में एक नई धारणा बनी है।”

उन्होंने कहा, “लोग पुराने भारत के बारे में अपनी धारणा बदल चुके हैं। यह कंप्यूटर पर आपकी उंगलियों के जादू का कमाल है। आप यहां अपने नवाचार के साथ विश्व को बदलने के लिए मजबूर कर रहे हैं और जो लोग बदलना नहीं चाहते वे जल्द ही अप्रासंगिक हो जाएंगे।”

मोदी ने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि अमेरिकी नागरिकों को भारतीय मूल के लोगों पर गर्व है। मैं इसके लिए आपको बधाई देता हूं। आपका अभिनंदन करता हूं।”

उन्होंने कहा कि इससे पहले भारत की पहचान उपनिषदों से होती थी। आज विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने एक नई पहचान बनाई है। भारत वह पहला देश है, जिसने अपने पहले ही प्रयास में मंगल पर यान भेजने में सफलता अर्जित की है।

‘मोदी, मोदी’ के नारों के बीच उन्होंने कहा, “मैं देश के लिए जीऊंगा और देश के लिए ही मरूंगा। मैं अपने जीवन का प्रत्येक क्षण और अपने शरीर का प्रत्येक अंश देश की सेवा में अर्पित करूंगा।”

मोदी ने वहां मौजूद लोगों से जब पूछा कि क्या सरकार में आने के पिछले 16 माह के दौरान उन्होंने अच्छा काम किया तो जवाब में भीड़ ने हां कहा।

मोदी ने इस दौरान पिछले साल अमेरिका की अपनी पहली यात्रा को भी याद किया, जब न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर में उनका रॉकस्टार जैसा स्वागत किया गया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “सिलिकॉन वैली में भी मैडिसन स्क्वायर जैसा पल। प्रधानमंत्री मोदी के यहां पहुंचने की वजह से सैप सेंटर खचाखच भरा।”

प्रधानमंत्री मोदी जैसे ही सैप सेंटर पहुंचे भीड़ ने ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस मौके पर मोदी सफेद कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा और हल्के क्रीम रंग की नेहरू जैकेट पहने हुए थे।

मोदी ने सेंटर के बाहर भारतीय स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह को उनके जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि भी दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493