60 नई कोयला खदानें खुलेंगी : पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। कोयला आयात रोकने की किसी योजना को खारिज करते हुए कोयला और बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि सरकार देश भर में 60 नई कोयला खदानें खोलने जा रही हैं।

गोयल ने यहां संवाददाताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों पर रोशनी डालते हुए कहा, “मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि आने वाले दिनों में 60 नई खदानें खोली जानी हैं। खदान-दर-खदान एक विस्तृत अध्ययन किया गया है और इसे मंत्रालय के वेबसाइट पर डाला गया है ताकि नई खदानों पर हो रहे विकास पर आप नजर रख सकते हैं।”

नई खदानें कोल इंडिया की पांच साल में उत्पादन वर्तमान 50 करोड़ टन से बढ़ाकर दो गुना करने और 150 करोड़ टन तक पहुंचाने की योजना के तहत खोली जाएंगी।

उन्होंने कहा कि कोल इंडिया का उत्पादन गत वर्ष 3.2 करोड़ टन बढ़ा।

उन्होंने कहा, “कोयला उत्पादन बढ़ने से गत वर्ष बिजली उत्पादन 12 फीसदी बढ़ा।”

उन्होंने बताया कि गांव के 28 करोड़ लोगों, जिन तक बिजली नहीं पहुंच पाई है, उन तक बिजली पहुंचाने के लिए माइक्रो और ऑफ ग्रिड समाधानों पर विचार किया जा रहा है।

गोयल ने एक सवाल के जवाब में यह भी बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के एक साल के कार्यकाल में 1,500 गांवों में बिजली पहुंचाई गई है।

मंत्री ने कहा कि अभी कोयले का आयात जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “आने वाले वर्षो में हम कोयले के क्षेत्र में आत्म निर्भर हो जाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493