स्प्रिंगफील्ड, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बाल्टुसरोल गोल्फ क्लब में खेली जा रही पीजीए चैम्पियनशिप के दसूरे दिन शनिवार को भारतीय पुरुष गोल्फ खिलाड़ी अर्निबान लाहिड़ी कट से चूक गए। उन्होनें टूर्नामेंट के दूसरे दिन 3-ओवर 73 का स्कोर किया।
पहले दिन 107वें स्थान पर रहने वाले 29 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी का दो दिन का ओवर ऑल स्कोर 6-ओवर 146 रहा जबकि कट पार करने के लिए 2-ओवर 142 के स्कोर की जरूरत थी।
लाहिड़ी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह पहले एवं तीसरे होल में ही बोगी खेल बैठे।
विश्व के 64वें नंबर के खिलाड़ी ने इसके बाद 11वें होल तक पार का स्कोर किया। इसके बाद वह दो बोगी और खेल बैठे जिसके कारण लाहिड़ी को कुछ बर्डी लगाने की जरुरत थी। हालांकि वह 18वें होल पर ही बर्डी लगा पाए।
पिछले साल लाहिड़ी ने पीजीए टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से पांचवां स्थान प्राप्त किया था जोकि भारत के किसी भी खिलाड़ी द्वारा इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अमेरिका के जिम्मी वाल्कर ने दूसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उनके हमवतन रोबेर्ट स्ट्रेब ने 7-अंडर 63 का स्कोर कर उनके साथ शीर्ष स्थान साझा किया।
dharmpath.com dharmpath