काबुल, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अतिथिगृह परिसर को निशाना बनाकर रविवार रात ट्रक बम हमला किया गया, जिसकी जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। सुरक्षा बलों की ओर से की गई कार्रवाई में तीन हमलावर आतंकवादी मारे गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की भी जान चली गई।
काबुल पुलिस प्रमुख अब्दुल रहमान रहीमी ने कहा, “एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को नॉर्थ गेट के अतिथिगृह में घुसा दिया, जहां कई विदेशी कंपनियों के कर्मचारी ठहरते हैं। दो सशस्त्र हमलावरों ने इमारत के अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस पर आतंकवादियों ने पास की एक इमारत में छिपकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस बल और आतंकवादियों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी होती रही।”
यह घटना रविवार रात 1.25 बजे घटी।
पुलिस प्रमुख ने बताया, “अतिथिगृह पुल-ए-चरखी के दिसपाचारी इलाके में है। शुरुआती जानकारी के अनुसार परिसर के भीतर किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”
यह फिलहाल ज्ञात नहीं है कि इस बड़े विस्फोट के दौरान परिसर के अंदर कितने लोग मौजूद थे।
अफगान विशेष अभियान बल ने घटनास्थल पर जल्द पहुंचकर जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
खुद को तालिबान का प्रवक्ता बताने वाले जबिल्लुआह मुजाहिद ने स्थानीय मीडिया को बताया कि तालिबान आत्मघाती दस्ते ने विदेश अतिथिगृह को निशाना बनाकर हमले को अंजाम दिया।
नॉर्थ गेट अतिथिगृह को जुलाई 2013 में भी निशाना बनाया गया था। पांच आतंकवादी एक ट्रक बम से परिसर की दीवार तोड़कर भीतर घुसे थे। सुरक्षा बलों ने हमलवरों को मार गिराया, पर इस कार्रवाई में पांच सुरक्षाकर्मियों की भी जान गई थी।
dharmpath.com dharmpath