मारी गई पाकिस्तानी मूल की महिला के पति का आपराधिक रिकॉर्ड था

इस्लामाबाद, 1 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 20 जुलाई को कथित तौर पर ‘ऑनर किलिंग’ का शिकार हुई पाकिस्तानी मूल की ब्रिटिश महिला के पति का आपराधिक रिकॉर्ड था। जांच में यह खुलासा हुआ है।

‘डॉन’ की वेबसाइट के अनुसार, पुलिस जांच के मुताबिक, मारी गई महिला सामिया शाहिद के पैतृक गांव पंडूरी के स्थानीय निवासियों ने बताया कि मामले में आरोपी सामिया के पति चौधरी शकील को गोली मारकर एक व्यक्ति को घायल करने के मामले में 18 महीने की सजा हुई थी।

पंडूरी प्रशासन ने ग्रामीणों के दावे की पुष्टि करते हुए कहा कि गोलीबारी जमीन विवाद को लेकर हुई थी।

स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि लगभग 25 साल पहले सामिया की चाची की भी इन्हीं परिस्थितियों में मौत हुई थी क्योंकि उन्होंने अपने पति से तलाक मांगा था और यह उनके (महिला के) परिवार को स्वीकार नहीं था।

बाद में सामिया की चाची अपने माता-पिता के घर में मृत पाई गई थीं। सामिया के पिता एवं महिला के भाई चौधरी शाहिद और परिवार के अन्य सदस्यों ने तब कहा था कि सामिया की चाची ने आत्महत्या की थी।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय मामला दब गया था क्योंकि किसी ने भी पुलिस में शिकायत नहीं की थी।

सामिया के दूसरे पति सैयद मुख्तार काजिम द्वारा दर्ज कराए गए मामले में चौधरी शाहिद भी एक नामजद संदिग्ध है। शाहिद ने पहले कहा था कि उनकी बेटी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। शनिवार तक वह यही कहते रहे, बाद में कथित तौर पर उन्होंने जांच टीम से कहा कि सामिया ने आत्महत्या की थी।

पुलिस ने अभी तक मामले में महिला संदिग्धों सामिया की मां इम्तियाज बीबी और बहन मदिहा शाहिद का बयान दर्ज नहीं किया है।

कथित हत्या की जांच पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ के आदेश पर शुरू की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार 28 वर्षीय महिला की गर्दन पर खरोंच के निशान थे, जिससे संकेत मिलता है कि उनकी हत्या गला दबाकर की गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493