दमिश्क, 1 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर को सोमवार को सीरिया में मार गिराया गया। यह हेलीकाप्टर अलेप्पो में मानवीय आपूर्ति पहुंचा कर लौट रहा था।
दमिश्क, 1 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर को सोमवार को सीरिया में मार गिराया गया। यह हेलीकाप्टर अलेप्पो में मानवीय आपूर्ति पहुंचा कर लौट रहा था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि चालक दल के तीन सदस्य और रूसी सुलह केंद्र के दो अधिकारी अपने ठिकाने पर लौट रहे थे। हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के हालात के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “पहली अगस्त को एक एमआई-8 परिवहन हेलीकॉप्टर इदबिल प्रांत में मार गिराया गया। यह हेलीकॉप्टर अलेप्पो शहर में मानवीय आपूर्ति पहुंचा कर लौट रहा था। चालक दल के तीन सदस्य और सीरिया में रूसी सुलह केंद्र के दो अधिकारी हेलीकॉप्टर पर सवार थे।”
बयान में कहा गया है कि हेलीकॉप्टर खमीमिम स्थित रूसी हवाई ठिकाने पर लौट रहा था।
मंत्रालय ने हेलीकॉप्टर पर सवार लोगों की पहचान अभी जाहिर नहीं की है।
इस वर्ष सीरिया में कार्रवाई के दौरान मार गिराया गया रूस का तीसरा हेलीकॉप्टर है। इसके पहले जुलाई में एक एमआई-25 लड़ाकू हेलीकॉप्टर को पालमायरा के पास मार गिराया गया था, जिसमें दो रूसी पायलट मारे गए थे।
इसके अलावा अप्रैल में एक एमआई-28एन लड़ाकू हेलीकॉप्टर उस समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जब वह होम्स शहर के पास उड़ान पर था। रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि इसे गिराया नहीं गया था। दुर्घटना में दोनों पायलट मारे गए थे। मॉस्को ने इस दुर्घटना के लिए तकनीकी गड़बड़ी को जिम्मेदार बताया था।
पिछले अक्टूबर में एक अन्य एमआई-8 हेलीकॉप्टर एक एसयू-24एम बमवर्षक विमान के जिंदा बचे सह पायलट को खोजने और उसे बचाने के अभियान पर था और उसी दौरान उसे आपात स्थिति में उतरना पड़ा, जिसके कारण वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसके बाद आईएस के लड़ाकों ने उसे नष्ट कर दिया था। बमवर्षक विमान को तुर्की वायुसेना के एक एफ-16 विमान ने मार गिराया था।
dharmpath.com dharmpath