मुंबई, 1 अगस्त (आईएएनएस)। वाहन निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने सोमवार को जुलाई में बिक्री में 14 फीसदी के इजाफे की जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि जुलाई माह में उसने कुल 39,458 इकाइयों की बिक्री की है, जो पिछले साल की इसी महीने के दौरान की गई 34,652 इकाइयों की बिक्री से 14 फीसदी अधिक है।
एम एंड एम के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी (वाहन) प्रवीण शाह के मुताबिक, इस पिछले वित्त वर्ष में कई नए उत्पादों की लांचिंग के साथ भारी वाहनों की बिक्री में इजाफे से कुल बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
शाह ने कहा, “हम जुलाई 2016 के दौरान 14 फीसदी वृद्धि दर से काफी प्रसन्न हैं। इसका मुख्य कारण बेहतर मॉनसून है, जिससे अर्थव्यवस्था में सकारात्मक लहर पैदा हुई है और यह हमारे प्रदर्शन से भी जाहिर होता है।”
उन्होने कहा, “इसके अलावा भारी वाहनों की बिक्री और निर्यात में बढ़ोतरी से भी हमारा प्रदर्शन बेहतर हुआ है। हम बाकी बचे वित्त वर्ष में भी सकारात्मक प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।”
पिछले महीने कंपनी की घरेलू बिक्री में 14 फीसदी का इजाफा हुआ था और कुल 35,305 इकाइयों की बिक्री हुई थी। जबकि पिछले साल जुलाई में कुल 31.087 इकाइयों की बिक्री हुई थी।
इसी प्रकार यात्री वाहनों (जिसमें कार, यूटिलिटी वाहन, कार और वैन शामिल हैं) की बिक्री में 20 फीसदी बढ़ोतरी हुई है और यह 17,356 इकाई रही। जबकि साल 2015 के इसी महीने में कुल 14,,456 यात्री वाहनों की बिक्री हुई थी।
इसके अलावा वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में आठ फीसदी का इजाफा हुआ और यह 13,168 इकाई रही। जबकि जुलाई 2015 में यह 12,148 इकाई थी।
वहीं, कंपनी के तिपहिया वाहनों की ब्रिकी में सात फीसदी का इजाफा हुआ है और यह पिछले साल की 4,483 इकाइयों के मुकाबले 4,781 इकाई रही।
कंपनी के निर्यात में 16 फीसदी का इजाफा हुआ है, और यह जुलाई 2016 में 4,153 इकाई रही। जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 3,565 इकाई थी।
dharmpath.com dharmpath