रियो डी जेनेरियो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) का 129वां सत्र सोमवार को ब्राजील के महानगर रियो डी जेनेरियो में शुरू हो गया।
इसी शहर में पांच अगस्त से ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया जाना है। इसके बाद यहीं पैरालम्पिक खेलों का आयोजन होना है।
समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, इस सत्र में आईओसी 2020 ओलम्पिक खेलों में नए खेलों को शामिल किए जाने पर निर्णय ले सकती है। इसके अलावा अपने कार्यकारी बोर्ड के नए सदस्ययों का चुनाव भी कर सकती है।
आईओसी टोक्यो ओलम्पिक-2020 में पांच नए खेलों को शामिल करने पर फैसला ले सकती है। इनमें करांटे, रॉक क्लिंबिग, स्केटबोर्डिग, सर्फिग और बेसबाल/सॉफ्टबाल शामिल हैं।
आईओसी के सदस्य इस सत्र में 2024 ओलम्पिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में शामिल शहरों की आयोजक समिति के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके विजेता के नाम का ऐलान पेरू की राजधानी लिमा में अगले साल होने वाले आईओसी के 130वें सत्र में होगा। 2024 ओलम्पिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में इटली का रोम, फ्रांस का पेरिस, हंगरी का बुडापेस्ट और अमेरिका का न्यूयॉर्क जैसे शहर शामिल हैं।
यह सत्र आईओसी के कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद आयोजित किया जाएगा। बैठक में बोर्ड के आठ नए सदस्ययों को मान्यता मिलेगी।
ओलम्पिक मूवमेंट एजेंडा-2020 के कार्यक्रम के तहत कार्यकारी बोर्ड में आठ नए सदस्ययों को शामिल किया जाएगा।
नए सदस्ययों में से चार महिलाएं और चार पुरुष होंगे जोकि सिर्फ खेल नहीं संस्कृति, स्वास्थय, नागरिक शास्त्र, व्यवसाय, कानून और प्रबंधन के क्षेत्र के लोग भी शामिल होंगे।
आईओसी का यह सत्र एक से चार अगस्त तक चलेगा। आने वाले ओलम्पिक खेलों में नए सदस्ययों के नाम की घोषणा की जाएगी।
उम्मीदवारों में रूस की पोल वॉल्ट विजेता खिलाड़ी येलेना इसिनबाएवा भी शामिल हैं लेकिन उन्हें इसके लिए रियो डी जेनेरियो में होने वाली मतदान प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहना पड़ेगा। चूंकि उन्हें रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने की मंजूरी नहीं मिली है इसलिए अभी तक यह तय नहीं है कि वह ब्राजील जाएंगी या नहीं।
dharmpath.com dharmpath