मुंबई, 3 अगस्त (आईएएनएस)। टेलीविजन चैलन लाइफ ओके पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘मजाक मजाक में’ के निर्णायक अब दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह नहीं, बल्कि संगीत निर्देशक अनु मलिक होंगे।
हरभजन और उनकी पत्नी गीता बसरा के घर पिछले सप्ताह नया मेहमान आया, जिसके लिए हरभजन ने लंदन में अपने परिवार के साथ और अधिक समय तक रहने का मन बनाया है।
इसके बाद शो के निर्माताओं ने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के साथ अनु को इस कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में शामिल किया है। वह शनिवार से इस शो में नजर आएंगे।
मलिक ने एक बयान में कहा, “कुछ अलग काम करना अच्छा है। लोग मुझे केवल संगीत के साथ ही नहीं जोड़ेंगे। मुझे खुशी है कि मैं संगीत कार्यक्रम की जगह किसी हास्य कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका निभाऊंगा।”
dharmpath.com dharmpath