रियो डी जेनेरियो, 3 अगस्त (आईएएनएस)। विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे का कहना है कि वह रियो ओलम्पिक में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट हैं।
रियो ओलम्पिक से तीन दिन पहले कई बड़े टेनिस खिलाड़ियों ने टेनिस स्पर्धा से अपना नाम वापस ले लिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ब्रिटेन के तीन बार के ग्रैंड स्लैम विजेता खिलाड़ी टेनिस स्पर्धा के पुरुष एकल वर्ग के मुख्य ड्रा में सर्बिया के नोवाक जोकोविक और स्पेन के राफेल नडाल के साथ हैं।
स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्टान वावरिंका ने मंगलवार को चोटिल होने के कारण ओलम्पिक खेलों से अपना नाम वापस ले लिया। वहीं, 17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता रोजर फेडरर भी अपनी घुटने की चोट से उबर नहीं पाए हैं और वह भी खेलों में नजर नहीं आएंगे।
इसके अलावा सोमवार को विश्व की 11वीं वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी डोमिनिका सिबुल्कोवा ने भी टेनिस स्पर्धा से अपना नाम वापस ले लिया।
मरे ने कहा, “मैंने अपने चिकित्सक से बात की है और उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि सब कुछ सही है। आशा है कि मच्छर मुझे ज्यादा नहीं काटेंगे। वैसे मुझे नहीं लगता कि साल के इस समय में यह इतना बुरा होगा।”
dharmpath.com dharmpath