वाशिंगटन, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अफ्रीकी-अमेरिकी कार्यकर्ता डेरे मेकेसन ने पुलिस और लुइसियाना के बैटन रूज शहर में पुलिस द्वारा की गई हत्याओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में की गई गिरफ्तारियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
एबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकेसन उन 200 प्रदर्शनकारियों में से एक है, जिसे बैटन रूज में गिरफ्तार किया गया है। यह प्रदर्शन 37 वर्षीय अश्वेत व्यक्ति एल्टन स्टर्लिग की दो श्वेत पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई हत्या के खिलाफ किया गया था।
यह मुकदमा गुरुवार को संघीय वर्ग कार्रवाई (फेडरल क्लास एक्शन) के अंतर्गत दायर किया गया। इसमें दो अन्य प्रदर्शनकारियों को भी वादी बनाया गया है और उन्होंने पुलिस पर अत्यधिक बल प्रयोग और प्रदर्शनकारियों के सांविधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टर्लिग की हत्या के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के दौरान मैकेनसन की 9 जुलाई को की गई गिरफ्तारी ट्विटर के पेरिस्कोप पर लाइव स्ट्रीम में भी प्रसारित हुई।
इस मुकदमे में कहा गया है कि नागरिक अधिकारों के उल्लंघन और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे करीब 200 प्रदर्शनकारियों की बड़े पैमाने पर की गई बिना किसी वाजिब कारण के गैरकानूनी गिरफ्तारी के खिलाफ मुआवजा दिया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath