रियो ओलम्पिक (हॉकी) : भारत ने जीत के साथ खाता खोला (लीड-1)

रियो डी जेनेरियो, 6 अगस्त (आईएएनएस)। पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ रुपिंदर पाल सिंह के दो गोलों की बदौलत भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को जीत के साथ रियो ओलम्पिक में अपने अभियान का आगाज किया।

भारत ने अपने पहले पूल मैच में आयरलैंड को 3-2 से हराया, जो निश्चित तौर पर भारतीय टीम के लिए ओलम्पिक में उत्साह बढ़ाने का काम करेगा।

ओलम्पिक हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल-बी के इस मैच में आठ बार के चैम्पियन भारत के लिए रुपिंदर के अलावा अनुभवी स्ट्राइकर वी. आर. रघुनाथ ने एक गोल दागा और भारतीय टीम को जीत का स्वाद चखाया।

रघुनाथ ने भारत के लिए मैच का पहला गोल पहले क्वार्टर के अंत में किया। यह गोल 15वें मिनट में हुआ। इसके बाद रुपिंदर ने 27वें और 49वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम की जीत तय की।

भारत के तीनों गोल पेनाल्टी कार्नर पर हुए। आयरलैंड ने भी अपना एकमात्र गोल पेनाल्टी कार्नर पर किया। यह गोल जान जर्मेन ने 45वें मिनट में किया।

ऐसा लग रहा था कि भारत 3-1 से यह मैच जीत लेगा लेकिन कोनॉर हार्ट ने 56वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर गोल करते हुए स्कोर 2-3 कर दिया।

विश्व वरीयता क्रम में पांचवें पायदान पर मौजूद भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की और उप-कप्तान एस. वी. सुनील ने तेज खेल दिखाते हुए शुरू में ही आयरलैंड पर कई हमले किए। हालांकि सुनील को आयरलैंड के चपल गोलकीपर डेविड हार्टे ने कई बार विफल किया।

आयरलैंड किसी खास रणनीति के तहत नहीं उतरा था, जिसका फायदा भारतीय टीम ने उठाया और तेज पलटवार किए।

सरदार सिंह, मनप्रीत सिंह और दानिश मुज्तबा से लैस भारतीय मिडफील्ड आयरलैंड पर भारी रही, परिणामस्वरूप भारतीय टीम को पहले ही क्वार्टर में चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले।

लेकिन शुरुआती तीन पेनाल्टी कॉर्नर भारतीय टीम ने बेजा गंवा दिए। अंतत: रघुनाथ ने पहले क्वार्टर में टीम को पहली सफलता दिलाई।

हालांकि आयरलैंड ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी वापसी की और मैच पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया।

भारतीय टीम इस दौरान एक जोरदार हमला करने में सफल रही और आकाशदीप सिंह के पास गोल करने का सुनहरा मौका था। आकाशदीप और गोलपोस्ट के बीच सिर्फ आयरिश गोलकीपर थे, लेकिन आकाशदीप हार्टे की बाधा पार नहीं कर सके।

इस बीच आयरिश टीम ने भी भारतीय गोलकीपर और कप्तान पी. आर. श्रीजेश की परीक्षा ली, हालांकि श्रीजेश इस परीक्षा में सफल रहे।

भारतीय टीम जल्द ही पलटवार करने में सफल रही। चिंगनेसाना सिंह ने निकिन थिमैया को लंबा पास दिया, जिसे लेकर थिमैया तेजी आयरिश गोलपोस्ट की ओर बढ़े और सर्किल के भीतर खड़े आकाशदीप की ओर बढ़ा दिया, लेकिन आकाशदीप का क्रॉस शॉट गोलपोस्ट के दाहिनी ओर चला गया।

भारत को अब अपने दूसरे पूल मैच में जर्मनी से भिड़ना है। यह मैच 8 अगस्त को होगा।

शनिवार को ही खेले गए पूल-बी के एक अन्य मुकाबले में अर्जेटीना और नीदरलैंड्स के बीच मैच 3-3 से ड्रॉ रहा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493