रियो डी जेनेरियो, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला भारोत्तोलक सैखोम मीराबाई चानू निराशाजनक प्रदर्शन कर शनिवार को रियो ओलम्पिक-2016 की 48 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा से बाहर हो गईं।
ग्रुप-ए की प्रतिस्पर्धी मीराबाई का प्रदर्शन स्नैच स्पर्धा में तो औसत रहा, जहां से वह क्लीन एंड जर्क में बेहतर प्रदर्शन कर पदक की उम्मीद कर सकती थीं। लेकिन क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में वह तीनों कोशिशों में असफल रहीं।
रियोसेंटों पवेलियन में मीराबाई ने स्नैच स्पर्धा के दूसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ 82 किलोग्राम भार उठाया, लेकिन तीसरे प्रयास में 84 किलोग्राम भार वह नहीं उठा सकीं।
वहीं क्लीन एंड जर्क में उनकी 104 किलोग्राम भार उठाने की पहली कोशिश नाकाम साबित हुई और अगली दो कोशिशों में वह 106 किलोग्राम भार उठाने में असफल रहीं।
मीराबाई 12 प्रतिस्पर्धियों में 11वें स्थान पर रहीं, जबकि वियतनाम की थी ह्यून व्यूंग स्पर्धा पूरी नहीं कर सकीं।
मीराबाई ने ओलम्पिक ट्रायल्स में नेशनल रिकार्ड के साथ रियो का टिकट हासिल किया था। अगर वह अपना पटियाला वाला फार्म कायम रख पातीं तो उनके पदक की दौड़ में बने रहने की आशा थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका।
स्पर्धा का स्वर्ण थाईलैंड की सोपिता तानसान ने जीता। वह प्रतियोगिता में अन्य सभी प्रतिस्पर्धियों से कहीं बेहतर रहीं। सोपिता ने कुल 200 किलोग्राम भार उठाया, जिसमें स्नैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 108 किलोग्राम रहा।
इंडोनेशिया की श्री वाह्यूनी आगस्टियानी (192 किलोग्राम) ने रजत और जापान की हिरोमी मियाके (188 किलोग्राम) ने कांस्य पदक हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath