लॉस एंजेलिस, 8 अगस्त (आईएएनएस)। ‘फिफ्टी शेड्स’ के स्टार जेमी डोरनान का कहना है कि पिता होने के नाते उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए वह खुद को भी समय नहीं दे पाते।
जेमी (34) की पत्नी अमेलिया वार्नर से दो बेटियां हैं, जिनमें से एक की उम्र दो साल और एक अन्य की पांच माह है।
जेमी ने कहा, “बहुत से समझौते करने पड़ते हैं और निश्चित तौर पर यह मुश्किल होता है। आपको खुद के लिए बहुत कम वक्त मिलता है, पर इंसानों में सामंजस्य स्थापित करने का एक खास गुण होता है।”
फीमेलफर्स्ट डॉट को डॉट यूके की रिपोर्ट के अनुसार, जेमी ने कहा, “आपको इसके (जिम्मेदारियों) साथ ही आगे बढ़ना पड़ता है, कम सोना पड़ता है, खुद के लिए समय नहीं होता, आप पुस्तकें नहीं पढ़ पाते। रोजमर्रा के और भी कई ऐसे काम होते हैं, जिनसे समझौता करना पड़ता है।”
अभिनेता के अनुसार, बच्चे इन समझौतों के बावजूद एक सुखद एहसास होते हैं।
जेमी अपनी बेटियों के जन्म से पहले बेटे की चाहत पाले हुए थे, लेकिन बेटियों के जन्म के बाद उनकी ऐसी ख्वाहिश नहीं रही और वह अपनी दोनों नन्हीं परियों के साथ खुश हैं।
dharmpath.com dharmpath