जापान : सम्राट अकिहितो ने दिया नए शासक की नियुक्ति का संकेत

टोक्यो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। जापान के सम्राट अकिहितो ने सोमवार को अचानक टेलीविजन स्क्रीन पर प्रकट हुए और कहा कि उन्हें लगता है, अगर उनका स्वास्थ्य और खराब हुआ तो वह अपना कर्तव्य निभाने में समर्थ नहीं हो पाएंगे। साथ ही उन्होंने नया शासक नियुक्त करने का संकेत भी दिया।

अकिहितो इस साल दिसंबर में 83 वर्ष के हो जाएंगे। पहले से रिकार्ड किए हुए अपने 10 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा, “मैं 80 वर्ष से ऊपर का हो चुका हूं और सौभाग्य से अभी मेरा स्वास्थ्य अच्छा है।”

समाचार चैनल सीएनएन के मुताबिक, अकिहितो ने कहा, “हालांकि जब मैं यह सोचता हूं कि मेरी तंदुरुस्ती का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है तो मैं इस बात से परेशान रहता हूं कि ऐसा हो सकता है कि देश के प्रतीक के रूप में अब तक जो मैंने किया है, मेरे लिए उस कर्तव्य का निर्वहन मुश्किल हो जाए।”

यह तीसरा अवसर है जब जापान के सम्राट ने टेलीविजन और रेडियो पर जनता को संबोधित किया है।

वर्ष 1945 में सम्राट हिरोहितो ने रेडियो पर यह घोषणा की थी कि जापान दूसरा विश्वयुद्ध हार चुका है। इसके बाद उनके पुत्र अकिहितो ने वर्ष 2011 में फुकुशिमा परमाणु दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय टेलीविजन पर देश को संबोधित किया था।

सीएनएन के अनुसार, अकिहितो ने कहा कि वह एक शासक नियुक्त कर सकते हैं। अधिक संभावना है कि वह यदि गंभीर रूप से बीमार पड़े या विवश हो गए तो अपने पुत्र युवराज नारुहितो को अपनी जगह शासक नियुक्त कर सकते हैं।

जापान के शाही संविधान के अनुसार, सम्राट निधन तक अपने पद पर बने रहेंगे। लेकिन अगर वह अशक्त हो जाते हैं तो उनका उत्तराधिकारी शासक के रूप में काम कर सकता है।

अकिहितो वर्ष 1989 में सम्राट बने थे। वह जापान के 125वें शासक हैं। दावा किया जाता है कि 14वीं शताब्दी से ही राजशाही निर्बाध चली आ रही है, जो एक रिकार्ड है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493