रियो ओलम्पिक : चीनी की डेंग ने विश्व रिकार्ड के साथ जीता स्वर्ण (लीड-1)

रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। चीन की महिला भारोत्तोलक वेइ डेंग ने रियो ओलम्पिक खेलों के चौथे दिन मंगलवार को नया विश्व कीर्तिमान रचते हुए अपने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। डेंग पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा ले रही हैं।

23 साल की डेंग ने महिलाओं की 63 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 262 किलोग्राम भार उठाया और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।

डेंग हालांकि स्नैच में विश्व कीर्तिमान नहीं तोड़ पाईं। डेंग ने स्नैच के पहले प्रयास में 108 किलोग्राम, दूसरे प्रयास में 112 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 115 किलोग्राम भार उठाया।

इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में 138 किलोग्राम भार उठाया और दूसरे प्रयास में 147 किलोग्राम भार उठाते हुए उन्होंने कीर्तिमान रच दिया।

डेंग ने 2010 विश्व चैम्पियनशिप में 58 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीता था और इसके बाद 2014 तथा 2015 विश्व चैम्पियनशिप में 63 किलोग्राम में पहला स्थान हासिल किया था।

डेंग ने इस साल रियो में क्लीन व जर्क वर्ग में एक नया ओलम्पिक रिकार्ड कायम किया। साथ ही उन्होंने मंगलवार को ओलम्पिक के साथ-साथ 262 किलोग्राम वजन उठाकर विश्व रिकार्ड भी कायम किया।

उल्लेखनीय है कि स्नैच का विश्व कीर्तिमान अभी भी रूस की स्वेतलाना सारुकेएवा के नाम है, जिन्होंने 2011 में 117 किलोग्राम भार उठाकर इसे स्थापित किया था।

डेंग के इस स्वर्ण के साथ ही चीन के रियो ओलम्पिक में सात स्वर्ण पदक हो गए और कुल 16 पदकों के साथ चीन ने अमेरिका को पछाड़ते हुए पदकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

स्पर्धा का रजत उत्तर कोरिया की सिम चो ह्यो और कांस्य पदक कजाकिस्तान की कारिना गोरिचेवा ने हासिल किया। सिम चो ह्यो ने कुल 248 किलोग्राम जबकि कारिना ने कुल 243 किलोग्राम भार उठाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493