रियो ओलम्पिक (हॉकी): भारतीय महिलाओं की शर्मनाक हार (लीड-1)

रियो डी जनेरियो, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम को बुधवार को रियो ओलम्पिक में अपने तीसरे पूल मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। ओलम्पिक हॉकी स्टेडियम में पूल-बी के मैच में आस्ट्रेलिया ने भारत को 6-1 से मात दी।

यह भारतीय महिलाओं की इस ओलम्पिक में लगातार दूसरी हार है। ब्रिटेन के खिलाफ दूसरे पूल मैच में उसे 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारत के लिए इकलौता गोल अंतिम मिनट में अनुराधा थोकचोम ने किया।

दोनों टीमों के खेल में जमीन आसमान का अंतर नजर आ रहा था। भारतीय टीम शुरुआत से ही आस्ट्रेलियाई टीम के सामने जूझती नजर आ रही थी। आस्ट्रेलिया इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करने के इरादे से उतरी थी। इससे पहले उसे ब्रिटेन और अमेरिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

पहले मिनट से भी आस्ट्रेलिया ने भारत पर दबाव बनाया और इसी का फायदा उठाते हुए कैथरीन स्लैट्री ने पांचवें मिनट में आस्ट्रेलिया के लिए पहला गोल किया। भारत को भी कुछ देर बाद पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह इसे अपने पक्ष में बदलने में असफल रही।

नौवें मिनट में आस्ट्रेलिया ने एक बार फिर भारतीय खेमें में दस्तक दी और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और जॉर्जिना मोर्गन ने आस्ट्रेलियाई टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

इसके बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया और आस्ट्रेलियाई टीम के सामने वह बेबस नजर आने लगी। दूसरे क्वार्टर की समाप्ति तक आस्ट्रेलिया 2-0 से आगे थी।

35वें मिनट में जेन क्लैक्सटोन ने शानदार फील्ड गोल कर भारतीय खेमे की परेशनियों को बढ़ाते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। आस्ट्रेलिया यहीं नहीं रूकी और 36वें मिनट में जॉजिना पार्कर ने एक और गोल कर भारत को 0-4 से पीछे कर दिया।

चार गोल खाने के बाद भारतीय टीम ने जीत की उम्मीद छोड़ दी थी। इसी बीच आस्ट्रेलिया को 43वें मिनट में पेनाल्टी मिली और जॉडी केनी ने उसे गोल में बदल कर आस्ट्रेलिया के खाते में एक और गोल जोड़ा।

चौथे क्वार्टर में आस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा कायम रखा और शुरुआत के एक मिनट बाद उसे पेनाल्टी कॉर्नर मिला, केनी ने स्कोर 6-0 करने में कोई गलती नहीं की।

भारत की हार 0-6 से तय लग रही थी, लेकिन अनुराधा ने अंतिम मिनट में भारत के लिए सांत्वना गोल कर हार के अंतर को कम किया।

भारतीय टीम को अपने अगले मैच में गुरुवार को अमेरिका से भिड़ना है। अपने आखिरी पूल मैच में शनिवार को उसका सामना अर्जेटीना से होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493