बेटे का मैच देख खुश हैं अवतार के माता-पिता

रियो डी जनेरियो, 12 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे ओलम्पिक खेलों में भारत के इकलौते जूडो खिलाड़ी अवतार सिंह के माता-पिता अपने बेटे का मुकाबला देख काफी खुश हैं।

अवतार ने 90 किलोग्राम भारवर्ग में ओलम्पिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, हालांकि वह पहले मुकाबले में ही हार कर बाहर हो चुके हैं। अवतार के इस मैच के गवाह उनके माता पिता भी बने।

अवतार के माता-पिता के अपने बेटे को ओलम्पिक में खेलता देखने के सपने को दुग्ध उत्पाद कंपनी मदर डेयरी ने साकार किया। मदर डेयरी ने मिलाप डॉ ओआरजी के साथ मिलकर उनके रियो डी जनेरियो की यात्रा के अलावा वहां रुकने का पूरा खर्च उठाया।

अवतार 2004 के बाद ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाले भारत के पहले जूडो खिलाड़ी हैं।

अपने बेटे को ओलम्पिक में खेलता देख बेहद खुश उनकी मां सुखविंदर कौर ने कहा, “अपने बेटे को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देखना शानदार था। इसके लिए वह काफी समय से मेहनत कर रहा था। हमारे लिए अपने बेटे को स्टेडियम में देखना और इतने बड़े दिन उसके साथ रहना सपने के सच होने जैसा था।”

उन्होंने कहा, “हम अवतार के सभी समर्थकों का इस पल को यादगार बनाने के लिए शुक्रिया कहना चाहते हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि अवतार की तरह ही बाकी खिलाड़ियों को भी अपने देश का नाम रोशन करने का मौका मिले।”

मदर डेयरी के व्यापार प्रमुख संदीप घोष ने कहा, “मदर डेयरी देश के प्रति समर्पित है और उन खिलाड़ियों का हमेशा साथ देती है जो इस भावना का सम्मान करते हैं। कंपनी का मकसद खिलाड़ियों का सम्मान करना है। अवतार सिंह ने कई बार भारत को सम्मान दिलाया है और हम ऐसे खिलाड़ी के साथ जुड़ कर काफी खुश हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493