कराची, 13 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान में शनिवार को गायिका नाजिया हसन की 16वीं पुण्यतिथि मनाई गई। वह बॉलीवुड फिल्म ‘कुर्बानी’ में ‘आप जैसा कोई’ गीत गाने के लिए जानी जाती हैं।
नाजिया पाकिस्तान में 1980 के दशक में संगीत की दुनिया का जाना-माना नाम था।
द न्यूज इंटरनेशनल के मुताबिक, पाकिस्तान की पहली पॉप गायिका का जन्म कराची में तीन अप्रैल, 1965 को हुआ था।
वह पहली बार 1975 में पीटीवी पर बच्चों के कार्यक्रम ‘कलियों की माला’ में दिखाई दी थीं, जहां उन्होंने मशहूर गीत ‘दोस्ती ऐसा नाता’ गाया था।
जब उन्होंने ‘आप जैसा कोई’ नामक गीत गाया, तब वह महज 15 साल की थीं।
इसके बाद, उन्होंने अपने भाई जोहेब के साथ ‘दीवाना डिस्को'(1981) नामक अलबम बनाया।
इसके अलावा, उन्होंने ‘बूम बूम’, यंग तरंग (1984), ‘हॉटलाइन’ (1987) और ‘कैमरा, कैमरा'(1992) नामक अलबम बनाया।
सर्वश्रेष्ठ महिला पाश्र्व गायिका के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार जीतने वाली वह सबसे कम उम्र की पहली पाकिस्तानी गायिका थीं।
नाजिया का 13 अगस्त, 2000 को लंदन में 35 वर्ष की आयु में फेफड़ों के कैंसर के कारण निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath