फेल्प्स को 2020 तक ओलम्पिक में खेलते देखना चाहते हैं लोचते

रियो डी जनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के तैराक रयान लोचते हमवतन दिग्गज तैराक माइकल फेल्प्स को टोक्यो ओलम्पिक-2020 तक खेलते देखना चाहते हैं।

हालांकि, फेल्प्स का कहना है कि रियो ओलम्पिक के समापन के बाद वह आगे ओलम्पिक खेलों में हिस्सा नहीं लेना चाहते हैं।

अमेरिका के 31 वर्षीय दिग्गज तैराक फेल्प्स ने रियो ओलम्पिक में चार स्वर्ण पदक जीते हैं, जिन्हें मिलाकर फेल्प्स के ओलम्पिक में कुल 22 स्वर्ण पदक हो गए।

‘नेशनल ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ को दिए अपने बयान में लोचते ने कहा, “मैं आश्वासन देता हूं कि वह टोक्यो ओलम्पिक-2020 में शामिल रहेंगे। मुझे ऐसा लगता है। फेल्प्स मैं आपसे टोक्यो में मिलूंगा।”

इससे पहले फेलप्स ने कहा था कि वह रियो ओलम्पिक के बाद संन्यास ले लेंगे। उनका कहना था कि जिस प्रकार से उन्होंने सभी चीजों का समापन किया है, वह उससे काफी खुश हैं।

फेल्प्स ने साल 2000 से ओलम्पिक खेलों में अपने करियर की शुरुआत की थी और एथेंस ओलम्पिक में पहला स्वर्ण पदक जीता था। उनके पास कुल 27 ओलम्पिक पदक हैं, जिनमें 22 स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493