रियो डी जनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम रियो ओलम्पिक में अपने अंतिम मैच में भी जीत हासिल नहीं कर पाई। उन्हें शुक्रवार को पूल-बी के मैच में अर्जेटीना ने 5-0 से करारी मात दी।
भारतीय टीम 36 साल बाद ओलम्पिक में पहुंची थी, लेकिन वह इस ओलम्पिक में एक भी मैच जीतने में असफल रही। भारत के खिलाफ पांचों गोल दूसरे क्वार्टर में आए।
अर्जेटीना के लिए पहला गोल 16वें मिनट में मर्टिना कावालेरो ने पेनाल्टी कॉर्नर से किया। मारिया ग्रनाटो ने 23वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को 0-2 से पीछे कर दिया। 26वें मिनट में अर्जेटीना को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे कारिया रेबाकी ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
पूरे मैच में भारतीय टीम अपने विपक्षी के सामने कहीं भी नहीं टिक पाई और उसे गेंद अपने पास रखने में काफी संघर्ष करना पड़ा।
27वें मिनट में अगस्टीना अलब्रेटारियो ने एक और गोल कर स्कोर 4-0 से अर्जेटीना के पक्ष में एकतरफा कर दिया। 29वें मिनट में मार्टिना ने भारत की कमजोर रक्षापंक्ति का फायदा उठाया और शानदार गोल करते हुए स्कोर 5-0 पर पहुंचा दिया।
भारतीय टीम ने हालांकि इसके बाद अपने विरोधियों को और गोल नहीं करने दिए, लेकिन वह अपनी हार को टाल नहीं पाईं।
dharmpath.com dharmpath