रियो डी जनेरियो, 19 अगस्त (आईएएनएस)। जमैका के उसेन बोल्ट ने एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने रियो ओलम्पिक में 200 मीटर स्पर्धा में जीत हासिल करते हुए अपने खिताब को बचाया।
बोल्ट ने 2012 लंदन ओलम्पिक में भी इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था और लगातार तीसरी बार इसमें जीत हासिल की और एक नया इतिहास रच दिया है।
वह लगातार तीन बार ओलम्पिक में 100 तथा 200 मीटर का स्वर्ण जीतने वाले दुनिया के पहले एथलीट बन गए हैं। बोल्ट ने यह रेस 19.78 सेकेंड में पूरी की। यह इस सीजन में उनका यह सबसे अच्छा समय है।
जमैका के दिग्गज धावक हालांकि, स्वर्ण पदक जीतने के बाद भी अपने प्रदर्शन से खुश नहीं है। उन्होंने रेस से पहले 200 मीटर स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड (19.78 सेकेंड) तोड़ने की इच्छा जताई थी।
बोल्ट ने कहा, “मैं और भी तेज दौड़ना चाहता था। मैंने कोशिश भी की, लेकिन मेरे शरीर ने मेरी इच्छानुसार प्रतिक्रिया नहीं दी।”
कनाडा के आंद्रे दे ग्रास ने 20.02 सेकेंड के साथ रजत जीता जबकि यूरोपीयन चैम्पियन फ्रांस के किस्टोफर लेमेट्रे ने 20.12 सेकेंड के साथ कांस्य जीता।
बोल्ट ने बीजिंग (2008) और लंदन (2012) ओलम्पिक खेलों में 100 तथा 200 मीटर का स्वर्ण जीता था। बीते दिनों बोल्ट ने रियो में 100 मीटर का स्वर्ण जीतते हुए गोल्डन डबल की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाया था और अब उसे हासिल भी कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath