उबर ने ट्रक स्टार्ट-अप का अधिग्रहण किया

सैन फ्रांसिस्को, 19 अगस्त (आईएएनएस)। ऑनलाइन कैब सेवा प्रदान करने वाली अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी, उबर टेक्नोलॉजीज ने एक प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप ‘ओट्टो’ के अधिग्रहण की घोषणा की है, जो सेल्फ ड्राइविंग ट्रक बनाने पर काम कर रही है।

द न्यूयार्क टाइम्स की रपट में कहा गया है कि स्टार्ट-अप ओट्टो में कुल 90 लोग काम करते हैं, जिसमें गूगल के पूर्व कर्मचारी और कार्नेगी मेलन इंजीनीयर्स से पढ़कर निकले विद्यार्थी हैं।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, उबर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सहसंस्थापक ट्राविस कालानिक ने कहा है कि ओट्टो को इस साल की शुरुआत में एंथनी लेवानडोवस्की ने शुरू किया था, जो एक इंजीनियर हैं और गूगल में सेल्फ ड्राइविंग प्रौद्योगिकी पर काम करते थे। इसके अलावा गूगल के उनके दो पूर्व सहयोगी भी स्टार्ट-अप में साथ थे। वे ट्रक में ऐसे सॉफ्टवेयर, सेंसर, लेसर और कैमरा लगा रहे हैं, जिससे राजमार्ग पर ट्रक बिना किसी ड्राइवर के अपने आप चल सके।

कालानिक ने कहा, “लेवानडोवस्की संयुक्त सेल्फ-ड्राइविंग प्रयासों की अगुवाई करेंगे और सीधे मुझे रिपोर्ट करेंगे। साथ ही वह निजी परिवहन, डिलीवरी और ट्रकिंग का काम भी संभालेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि जहां तक उन्नत प्रौद्योगिकी का सवाल है, ओट्टो और उबर की टीम एक सपने वाली टीम है और अब हम दुनिया के सबसे मजबूत स्वायत्त इंजीनीयरिंग समूह में से एक हैं।

उबर ने ओट्टो के लिए कैलिफरेनिया के पाओलो अल्टो में 1,80,000 वर्गफुट के संयंत्र का निर्माण किया है। जहां यह एक अलग कंपनी के रूप में काम करेगी और इसका मुख्य जोर लंबी दूरी के ट्रक उद्योग पर होगा। ओट्टो के इंजीनियर इसके अलावा उबर के सैन फ्रांसिस्को और पिट्सबर्ग स्थित कार्यालयों में भी काम करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493