नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने जम्मू एवं कश्मीर में मौजूदा अशांति के दौरान हुई मौतों पर शोक जताते हुए भारत तथा पाकिस्तान को कश्मीर सहित सभी लंबित मुद्दों पर समझौते तक पहुंचने में मदद करने की पेशकश की है।
बान ने अपने पत्र में कहा, “मैं लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करता हूं और आशा करता हूं कि आगे हिंसा से बचने के लिए तमाम प्रयास किए जाएंगे।” पत्र की प्रति आईएएनएस के पास भी है।
बान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खत का संदर्भ देते हुए कहा, “क्षेत्रीय शांति व सुरक्षा के लिए कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्वक समाधान के पाकिस्तान की लगातार प्रतिबद्धता की मैं प्रशंसा करता हूं, जैसा कि आपने अपने पत्र में जिक्र किया है।”
उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र को पूर्णत: विश्वास है कि पाकिस्तान व भारत के बीच कश्मीर सहित सभी लंबित मुद्दों का निपटारा केवल वार्ता से ही हो सकता है।”
बान ने लिखा, “समझौते तक पहुंचने के लिए अगर दोनों पक्ष आग्रह करते हैं, तो संयुक्त राष्ट्र वार्ता में उनकी मदद करने के लिए तैयार है।”
इससे पहले लिखे पत्र में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख को कश्मीर के बिगड़ते हालात से अवगत कराया था।
बीते पांच अगस्त को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कश्मीरी लोगों के खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन रोकने के प्रयास करने का आह्वान किया था। साथ ही, कश्मीर विवाद को जनमत-संग्रह के माध्यम से सुलझाने के लिए दशकों पुराने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को लागू करने की अपील की थी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि वह साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सत्र के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath