तेलंगना सरकार सिंधु को देगी 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार

हैदराबाद, 20 अगस्त (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक में भारत को रजत पदक दिलाने वाली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु को तेलंगाना सरकार ने एक करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सिंधु के ओलम्पिक से लौटने के बाद मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव उन्हें नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे।

इस साल की शुरुआत में बनाई गई राज्य की नई खेल नीति के तहत ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को दो करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने वाले को एक करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले को 50 लाख रुपये का पुरस्कार देने का प्रावधान रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने हैदराबाद की रहने वाली सिंधु को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी है। वह ओलम्पिक की किसी भी स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। इसके अलावा सिंधु ओलम्पिक पदक जीतने वाली भारत की सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गईं।

अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने सिंधु की प्रशंसा की और उन्हें भारत और तेलंगाना की शान बताया है।

राज्य के खेलमंत्री टी. पद्म राव ने सिंधु से रियो में मुलाकात की थी और सिंधु की इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद को भी बधाई दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493