रियो ओलम्पिक (महिला गोल्फ ) : 41वें स्थान पर रहीं अदिती

रियो डी जनेरियो, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में चल रहे 31वें ओलम्पिक खेलों में शनिवार को महिला गोल्फ स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ी अदिती अशोक निराशाजनक 41वां स्थान हासिल कर सकीं।

अदिती ने शनिवार को हुए चौथे राउंड में 5 ओवर 76 का स्कोर किया और ओवरऑल 291 के स्कोर के साथ 41वां स्थान हासिल कर सकीं।

अदिती ने स्पर्धा की शुरुआत अच्छी की थी और शुरुआती दो चरणों तक वह शीर्ष-10 में बनी हुई थीं। दूसरे राउंड के दौरान तो वह एक समय संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गई थीं, लेकिन तीसरे और चौथे राउंड में उनके प्रदर्शन में काफी गिरावट आई, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा।

स्पर्धा में सबसे कम उम्र की प्रतिभागी अदिती ने पहले और दूसरे राउंड में 3 अंडर 68 का समान स्कोर हासिल किया, लेकिन तीसरे राउंड में वह 8 ओवर 79 का स्कोर कर सकीं।

स्पर्धा का स्वर्ण दक्षिण कोरिया की इनबी पार्क ने हासिल किया। पार्क ने (66, 66, 70, 66) 268 के ओवरऑल स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि न्यूजीलैंड की लाइडिया को ने 273 (69, 70, 65, 69) के ओवरऑल स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

चीन की शानशान फेंग ने 274 का ओवरऑल स्कोर हासिल करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। फेंग ने पहले राउंड में 70, दूसरे राउंड में 67, तीसरे राउंड में 68 और चौथे राउंड में 69 का स्कोर हासिल किया।

शुरुआती राउंड से अदिती ने आशा जगाई थी, लेकिन आखिरी के दो राउंड उनके बेहद खराब रहे। पहले राउंड में अदिती जहां एक भी शॉट नहीं चूकीं, वहीं दूसरे राउंड में उन्होंने सिर्फ एक बोगी लगाई थी।

हालांकि चौथे राउंड में स्थिति बिल्कुल इसके उलट थी और वह पूरे दिन एक भी बर्डी हासिल नहीं कर पाईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493