रियो डी जनेरियो, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका ने यहां 31वें ओलम्पिक खेलों में महिलाओं की बास्केटबॉल स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में स्पेन को 101-72 से मात देकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
अमेरिका की महिला टीम ने लगातार छठी बार ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, स्पेन ने गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले में सर्बिया को 68-54 से हराकर अपना पदक पक्का किया। हालांकि, शनिवार को हुए फाइनल मुकाबले में अमेरिका से मिली हार के कारण उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
मुकाबले के पहले क्वार्टर में अमेरिकी टीम अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम से 21-17 से आगे थी। इसके बाद उन्होंने अपनी तेजी को बढ़ाते हुए मध्यांतर तक स्पेन के खिलाफ 49-32 से बढ़त बनाई।
स्पेन के संभलने का मौका न देते हुए अमेरिका ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में भरसक प्रयास कर जीत हासिल की और इसके साथ ही लगातार छठी बार ओलम्पिक स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
dharmpath.com dharmpath