सीएएस का फैसला राजनीति से प्रेरित : मुतको

मास्को, 24 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के खेल मंत्री विताली मुतको ने कहा है कि दुनिया की सबसे बड़ी खेल अदालत-कोर्ट ऑफ अर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (सीएएस) द्वारा पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा लेने संबंधी प्रतिबंध के खिलाफ रूस द्वारा दायर अपील को खारिज करना राजनीति से प्रेरित फैसला है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने मुतको के हवाले से लिखा है, “यह फैसला न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं लगता, यह काफी हद तक राजनीति से प्रेरित है। इस अपील को खारिज करने का कोई ठोस कारण नहीं था, लेकिन ऐसा किया गया। हम आगे की संभावनाओं पर विचार करेंगे।”

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही सीएएस ने रूसी पैरालम्पिक समिति (आरपीसी) की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उसने रूस को पैरालम्पिक खेलों से हटाए जाने सम्बंधी अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) के फैसले को चुनौती दी थी।

आईपीसी ने सात अगस्त को अपने फैसले में रूस को सात से 18 सितम्बर तक होने वाले पैरालम्पिक खेलो में हिस्सा लेने से रोक दिया था।

पूर्व में रूस की ओलम्पिक खिलाड़ी रह चुकीं लेबेदेवा ने कहा, “सर्वोच्च खेल पंचाट द्वारा नकारे जाने के बाद अब हमारे वकीलों के काम करने का वक्त आ गया है। हमारे लिए अब ईसीएचआर में अपील करना जरूरी हो गया है। हम अपने एथलीटों के हित के लिए यह कदम उठाने पर मजबूर हुए हैं।”

सीएएस ने इससे पहले अपने बयान में कहा कि आरपीसी ने आईपीसी के फैसले को गलत बताने की दिशा में एक भी तर्कसंगत और ठोस सबूत नहीं दिया। ऐसे में आईपीसी के फैसले पर मुहर लगाई जाती है।

आरपीसी ने 15 अगस्त को सीएएस के सामने आईपीसी के इस फैसले को चुनौती देने सम्बंधी याचिका पेश की थी।

आईपीसी ने डोपिंग रोधी विश्व एजेंसी-वाडा की स्वतंत्र समिति की रिपोर्ट के आधार पर रूसी दल को पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा लेने से रोक दिया था।

आईपीसी ने सीएएस के इस फैसले पर खुशी जाहिर की है। अब आईपीसी रूसी एथलीटों द्वारा खाली किए गए 267 स्थानों को भरने के लिए अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक महासंघों के साथ मिलकर काम करेगी।

उल्लेखनीय है कि 5 से 21 अगस्त तक हुए 31वें ओलम्पिक खेलों में भी रूस के कई एथलीट हिस्सा नहीं ले सके थे। इन सब पर डोपिंग का आरोप है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493