रियो डी जनेरियो, 24 अगस्त (आईएएनएस)। आर्थिक और राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रही ब्राजील की अंतरिम सरकार ने कहा है कि वह रियो पैरालम्पिक खेलों पर राजकोष से आर्थिक मदद प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील की एक अदालत ने पैरालम्पिक आयोजकों द्वारा अपने बही-खाते सार्वजनिक न करने तक राजकोष से धनराशि खर्च करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
हालांकि अंतरिम सरकार ने अदालत के फैसले के बावजूद सार्वजनिक धनराशि का इस्तेमाल पैरालम्पिक खेलों पर खर्च करने का फैसला किया है।
ब्राजील के अंतरिम राष्ट्रपति के प्रधान सचिव इलीसेयू पाडिल्हा ने मंगलवार को कहा, “पैरालम्पिक खेलों के महत्व को देखते हुए सार्वजनिक धनराशि का उपयोग मामूली बात है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पाडिल्हा के हवाले से कहा कि अंतरिम राष्ट्रपति मिशेल टेमर सात से 18 सितंबर के बीच होने वाले पैरालम्पिक खेलों के लिए 10 करोड़ रियाल (करीब तीन करोड़ डॉलर) का बजट पास कर सकते हैं।
रियो ओलम्पिक और पैरालम्पिक खेलों की आयोजन समिति ने टिकटों की बेहद कम बिक्री होने और प्रायोजकों की कमी के कारण सरकार से आर्थिक मदद का अनुरोध किया था। रियो पैरालम्पिक खेलों की अब तक सिर्फ 17 प्रतिशत टिकटें ही बिक पाई हैं।
dharmpath.com dharmpath