डायनामोज ने ब्राजीलियाई खिलाड़ी लीते से करार किया

नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फ्रेंचाइजी-दिल्ली डायनामोज फुटबाल क्लब ने आगामी सत्र में अपनी आक्रमण पंक्ति को मजबूती प्रदान करने के लिए टीम के रोस्टर में ब्राजीलियाई खिलाड़ी मार्सेलो लीते परेरा को शामिल किया है।

लीते वैसे तो लेफ्ट विंगर हैं लेकिन वह राइट विंग और स्ट्राइकर के तौर पर भी टीम को अपनी सेवाएं दे सकते हैं। लीते को उनकी शानदार रफ्तार के लिए जाना जाता है।

इटली के दिग्गज और मुख्य कोच गियानलुका जाम्ब्रोता की देखरेख में अगले सीजन के लिए तैयारी में जुटी डायनामोज टीम ने लीते के रूप में एक अहम करार किया है। जाम्ब्रोता ने इस सीजन में आक्रामक फुटबाल खेलने की बात कही है।

29 साल के लीते ने कैम्पीयोनातो ब्राजीलिएरो सेरी-डी में खेलने वाले क्लब एनापोलिस फुटेबोल क्लब का साथ छोड़ते हुए डायनामोज के साथ करार किया है।

लीते ने कहा, “इस नए मौके के लिए मैं डायनामोज का शुक्रगुजार हूं। यह मेरे लिए नई चुनौती है और मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं। मैंने आईएसएल के बारे में काफी सुना है और मैं भारत आकर खेलने को लेकर काफी रोमांचित हूं। आशा है कि क्लब के साथ मेरा कार्यकाल काफी अच्छा रहेगा और मैं क्लब को खिताब जीतने में मदद कर सकूंगा।”

मुख्य कोच जाम्ब्रोता ने भी लीते के साथ करार पर खुशी जाहिर की है। जाम्ब्रोता मानते हैं कि लीते के आने के बाद वह अपनी टीम के साथ नई रणनीति के साथ खेल सकेंगे और सफलतापूर्वक आगे बढ़ सकेंगे।

जाम्ब्रोता ने कहा, “लीते ने कई देशों में विभिन्न लीग में हिस्सेदारी की है और मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि उनका अनुभव नए सीजन में टीम के काफी काम आएगा।”

‘मार्सेलिन्हो’ नाम से मशहूर लीते ने स्पेन, इटली, ग्रीस और ब्राजील में पेशेवर फुटबाल खेला है। विंगर होने के बाद भी वह स्ट्राइकर की भूमिका निभा सकते हैं। वह अब तक स्कोडा जांथी, काटानिया, एट्रोमोटिस, एनापोलिस और एटलेटिको मेड्रिड-बी के लिए खेल चुके हैं।

लीते साल 2015 में यूईएफए यूरोपा लीग खेलने वाली एट्रोमोटिस टीम का हिस्सा थे और एआईके सोल्ना के खिलाफ पहले चरण के मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। लीते ने उस मैच में एक गोल किया था और एक गोल करने में अपने साथियों की मदद की थी। वह मैन ऑफ द मैच चुने गए थे।

डायनामोज के मुख्य तकनीकी अधिकारी विष्णु मधु ने कहा, “हम डायनामोज एफ.सी. परिवार में लीते का स्वागत करते हुए काफी खुश हैं। वह दुनिया भर में खेले हैं और उनकी बहुमुखी प्रतिभा के कारण हमारी टीम में काफी गहराई आएगी। हम मानते हैं कि टीम की सफलता में वह एक अहम किरदार हो सकते हैं। “

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493