मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। देश के सबसे बड़े रसायन और पेट्रोरसायन आयोजन ‘इंडिया केम 2016’ में ईरान भागीदार देश होगा और इसका आयोजन यहां 1 से 3 सिंतबर तक किया जाएगा।
उद्योग मंडल फिक्की ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इसका आयोजन केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्रालय तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा संयुक्त रूप से बॉम्बे एक्जिबिशन सेंटर में किया जाएगा। इस साल की थीम ‘अवसरों की तलाश’ रखी गई है।
ईरान इसमें एक पवेलियन स्थापित कर रहा है, जिसका उद्घाटन ईरान के भारत में उच्चाधिकारी घोलामरेजा अंसारी करेंगे। इसमें चीन, जापान, तुर्की, सिंगापुर, वियतनाम, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया, बेल्जियम और ताईवान भी भाग लेंगे।
इसमें बताया गया कि आयोजन में 15 से ज्यादा देश शामिल होंगे, वहीं भारत के कुछ राज्य भी इस आयोजन में भागीदार राज्य के रूप में शामिल होंगे जिनमें गुजरात, उड़ीसा और आंध्रप्रदेश शामिल है।
ईरान की भागीदारी यहां काफी अहमियत रखता है, क्योंकि इसी साल भारत, ईरान और अफगानिस्तान ने चाबहार त्रिपक्षीय पारगमन और व्यापार गलियारा समझौता किया है, जिससे इन तीनों देशों के बीच पाकिस्तान को दरकिनार कर सामानों की आसानी से आवाजाही हो सकेगी।
भारत ईरान के चाबहार बंदरगाह को विकसित करने पर 50 करोड़ डॉलर खर्च करेगा, जो ओमान की खाड़ी के तट पर स्थित है और पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह से 70 किलोमीटर की दूरी पर है जिसे चीन विकसित कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath