मॉस्को, 26 अगस्त (आईएएनएस)। रूस के प्रधानमंत्री दिमित्रि मेदवेदेव ने यहां देश की ओलम्पिक दल के सदस्यों के साथ हुई एक बैठक में कहा कि रियो ओलम्पिक खेलों से प्रतिबंधित किए एथलीटों को वित्तीय सहायता दी जाएगी।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार, मेदवेदेव ने कहा, “फाउंडेशन इस फंड को रूस की ओलम्पिक समिति को देगा, ताकि आईओसी की ओर से 31वें ओलम्पिक खेलों से प्रतिबंधित हमारे एथलीटों, ट्रैक एंड फील्ड के सदस्यों को वित्तीय सहायता मिले।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारा मानना है कि यह सही फैसला होगा। इसमें हमें कोई शक नहीं है। इस अनुचित निर्णय के कारण एथलीट रूस के पदक संख्या में योगदान देने से रह गए।”
रियो ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतने वाले एथलीटों को बधाई देते हुए मेदवेदेव ने उन सभी एथलीटों को पुरस्कार के तौर पर नए वाहनों की चाबियां सौंपी।
इस वर्ष पदक जीतने वाले एथलीटों को बीएमडब्ल्यू का वाहन भेंट स्वरूप दिया गया है। इसमें स्वर्ण पदक विजेता एथलीटों को बीएमडब्ल्यू एक्स-6 लक्जरी मॉडल, रजत पदक विजेताओं को बीएमडब्ल्यू एक्स-5 और कांस्य पदक विजेताओं को बीएमडब्ल्यू एक्स-3एस मॉडल की चाबियां दी गईं।
मेदवेदेव ने कहा, “यह बहुत ही खुशी की बात है कि आप देश को पदक तालिका में चौथे स्थान पर लेकर आए। आपने काफी मुश्किल परिस्थितियों में यह परिणाम हासिल किया है।”
प्रधानमंत्री इस बात को लेकर भी आश्वस्त हैं कि देश के एथलीट 2020 टोक्यो ओलम्पिक में अधिक स्पर्धाओं में जीत हासिल करेंगे।
dharmpath.com dharmpath